Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

कांग्रेस अपनी खाली तिजोरी भरने के लिए एमपी पर कब्जा जमाना चाहती है: पीएम मोदी

PM Modi

PM Modi

बड़वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) सोमवार को मध्य प्रदेश के बड़वानी में विजय संकल्प महरौली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, आज बड़वानी आया हूं, तो मैं सबसे पहले मध्य प्रदेश भाजपा को बधाई देना चाहता हूं। MP भाजपा ने जो संकल्प पत्र जारी किया है, वह मध्य प्रदेश को नई ऊंचाई पर ले जाएगा। भाजपा का संकल्प पत्र मध्य प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने वाला है।

उन्होंने कहा, भाजपा का संकल्प पत्र युवाओं, महिलाओं को और सशक्त बनाने वाला है। भाजपा का संकल्प आदिवासियों, पिछड़ों, दलितों, गरीबों को नया संबल देने वाला है। भाजपा का संकल्प पत्र आप सभी को मजबूत जिंदगी देने वाला है। ये भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड है कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। आप लिखकर रख लीजिए, आपसे किए हुए सारे वादे पूरे होंगे और ये मोदी की गारंटी है।

पीएम ने कहा कि, आदिवासी समाज को कांग्रेस ने हमेशा नजरअंदाज किया, जिस आदिवासी समाज की कांग्रेस ने कभी परवाह नहीं की…उस आदिवासी समाज का गौरव बढ़ाने का काम भाजपा ने किया है। मध्य प्रदेश के ये चुनाव सिर्फ भाजपा ​और कांग्रेस के बीच के नहीं हैं। ये चुनाव मध्य प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य को तय करने वाले चुनाव हैं। कांग्रेस के नेता हैं, जो एमपी को अंधेरे कुएं में धकेलने के जिम्मेदार हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा है जो एमपी को अंधकार से निकाल कर लाई है।

साथ ही कहा, कांग्रेस अपनी खाली तिजोरी भरने के लिए एमपी पर कब्जा जमाना चाहती है। आप छत्तीसगढ़ और राजस्थान में देखिए, कैसे कांग्रेस की काली कमाई से कमाए गए नोटों के ढेर हर रोज निकल रहे हैं। साथ ही कहा, इतना बड़ा चुनाव चल रहा है, अनेक जगह पर मुझे जाना है लेकिन कल दिवाली मनाने मैं सीमा पर देश के जवानों के पास चला गया। चुनाव के आखिरी दिन हैं, लेकिन दो दिन के बाद मैं झारखंड, भगवान बिरसा मुंडा के गांव में अपना मत्थ टेकने जा रहा हूं। ये हमारी प्राथमिकताएं हैं।

उन्होंने कहा, जैसे तैसे कुर्सी पाने के लिए कांग्रेस मध्य प्रदेश के लोगों से सोने का महल बनाने का भी वादा कर सकती है। सोने का महल देने का वादा करेगी और फिर कहेंगे कि आलू से सोना निकालूंगा फिर बनाऊंगा। लेकिन सत्ता मिलते ही कांग्रेस आपको भूल कर लूट का कारोबार शुरू कर देगी। पीएम ने कहा, कांग्रेस की बातों और वादों पर आज कोई भरोसा नहीं कर रहा है। इसका कारण है इनका ट्रैक रिकॉर्ड। कांग्रेस ने 60 साल तक पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक सरकार चलाई, लेकिन इस दौरान कांग्रेस ने आदिवासियों का न विकास किया और न ही मान-सम्मान दिया। जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तब हमारे आदिवासी भाईयों को उनके हक का मान सम्मान मिला।

Exit mobile version