Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

लखनऊ में बवाल! दरोगा को लोहे की जंजीर से पीटा, 24 पर मुकदमा; 200 भैंसें हटाईं

Police team attacked while arriving to remove illegal dairy

Police team attacked while arriving to remove illegal dairy

लखनऊ: पारा में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान नगर निगम और पुलिस टीम पर हुए हमले के बाद प्रशासन ने अब सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले में आरोपी खुशबू और आफरीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

हमले के मामले में 12 नामजद और 12 अज्ञात समेत कुल 24 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है।

तीन थानों की फोर्स, PAC भी तैनात

मंगलवार को नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ पारा पहुंची। तीन थानों की फोर्स और एक कंपनी पीएसी को मौके पर लगाया गया। जवान हेलमेट और बुलेटप्रूफ जैकेट के साथ तैनात रहे।

कड़ी सुरक्षा के बीच निगम की कैटल कैचर टीम ने चार मोहल्लों में अभियान चलाकर करीब 200 भैंसों को हटाया।

दरोगा को दौड़ाकर पीटा

रविवार को कार्रवाई के दौरान विरोध कर रहे लोगों ने टीम पर पथराव शुरू कर दिया था। आरोप है कि बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी विनय पटेल को हमलावरों ने दौड़ाकर पीटा और चेन से हमला किया।

मारपीट में उनकी वर्दी फट गई और सिर में चोट लगी। इलाज के दौरान सिर में छह टांके लगाए गए। नगर निगम के तीन कर्मचारी भी घायल हुए। इसके अलावा तीन सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की गई।

महापौर ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर सुषमा खर्कवाल मौके पर पहुंचीं। उन्होंने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया और अवैध डेयरी संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। प्रशासन का कहना है कि अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Exit mobile version