Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

प्रधानमंत्री का मिशन भारत वैभवशाली व शक्तिशाली राष्ट्र बने : केशव मौर्य

प्रयागराज के मुट्ठीगंज नारायण वाटिका में भाजपा महानगर प्रयागराज द्वारा आयोजित आत्मनिर्भर भारत विचार संगोष्ठी के अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भारत के गौरवशाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिन-रात कार्य कर रहे हैं। उनका मिशन भारत की तरक्की हो और भारत वैभवशाली और शक्तिशाली राष्ट्र बने।

शुक्रवार की सायं उप मुख्यमंत्री ने आयोजित कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश सहित प्रयागराज में भी विकास की धारा बह रही है। लेकिन विपक्षियों को यह दिखाई नहीं पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक समय गुंडाराज हुआ करता था, लेकिन आज योगीजी के राज में गुंडाराज का अंत हो रहा है। रामलला मंदिर का निर्माण हो रहा है और लोगों के अंदर प्रसन्नता जाहिर हो रही है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं, उनके सपने धरे के धरे रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम जातिवाद की नहीं विकासवाद की और गरीबों को उनका हक मिले उसके लिए कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा के चुनाव में 2017 से भी ज्यादा 2022 में बहुमत के साथ हम सभी को सुशासन का कमल खिलाना है और भाजपा की सरकार बनाना है।

उप्र में 2017 का इतिहास पुनः दोहराएंगे : अनुराग ठाकुर

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, जिलाध्यक्ष गंगापार अश्वनी दुबे, जमुनापार विभवनाथ भारती, राघवेंद्र मिश्रा ने कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार के नेतृत्व में देश और प्रदेश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। देश और प्रदेश को विकसित बनाने के लिए हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आत्मनिर्भर भारत बनाने संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गणेश केसरवानी ने कहा कि देश और समाज को शक्तिशाली बनाने के लिए हमें आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लेना होगा। कार्यक्रम प्रभारी कुमार नारायण एवं सह प्रभारी डॉ सुशील सिन्हा ने आए हुए अतिथियों का अंगवस्त्रम पहनाकर एवं कलम देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन राजेश केसरवानी ने किया।

Exit mobile version