Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

दिल्ली में कैदी ने जेल में महिला डॉक्टर के साथ किया दुष्कर्म का प्रयास

rape

rape

नई दिल्ली। दिल्ली में एक सजायाफ्ता कैदी ने जेल में महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म (Rape) का प्रयास किया। दिल्ली के मंडोली जेल में इस सनसनीखेज वारदात से हड़कंप है। यह वारदात 26 सितंबर (सोमवार) दोपहर की बताई जा रही है। तिहाड़ जेल महानिदेशक संदीप गोयल ने इसकी पुष्टि की है।

जेल महानिदेशक गोयल के मुताबिक वारदात की एफआईआर उत्तर पूर्वी जिले के हर्ष विहार पुलिस स्टेशन में पीड़ित महिला डॉक्टर की शिकायत पर दर्ज हो चुकी है। पीड़ित जूनियर रेजीडेंट डॉक्टर है। जेल सूत्रों के मुताबिक आरोपित कैदी ने महिला वॉशरूम के भीतर यह शर्मनाक हरकत की।

पीड़ित किसी तरह खुद को छुड़ाकर वहां से शोर मचाती हुई भागी। हर्ष विहार थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक इस संदर्भ में दुष्कर्म (Rape) और जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मंडोली जेल संख्या-13 के डेंटल क्लीनिक में सोमवार दोपहर महिला डॉक्टर कैदियों की जांच कर रही थीं। इस दौरान आरोपित जांच के बहाने क्लीनिक पहुंचा और जेल स्टाफ को चकमा देकर महिला वॉशरूम में छिप गया। जब महिला डॉक्टर वॉशरूम गईं तो कैदी ने दरवाजा बंद कर उनके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया।

महिला डॉक्टर के विरोध करने पर कैदी ने जान से मारने की धमकी दी। महिला डॉक्टर किसी तरह बचकर बाहर आईं। बदहवास हालत में होने की वजह से वह गिरकर घायल हो गईं। मंडोली जेल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ने हर्ष विहार थाने को इसकी सूचना दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपित मयूर विहार थाने में दर्ज दुष्कर्म के एक मामले में सजा काट रहा है।

Exit mobile version