डोमिनिकन रिपब्लिक के पूर्वी हिस्से में स्थित ला रोमाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार (7 जून 2026) को एक बड़ा हवाई हादसा सामने आया। टेक-ऑफ (उड़ान भरने) के दौरान एक प्राइवेट जेट रनवे पर ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। क्रैश (Plane Crash) होते ही प्लेन में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते वह मलबे और धुएं के गुबार में तब्दील हो गया। डोमिनिकन सिविल एविएशन इंस्टीट्यूट द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में प्लेन के मुख्य पायलट और को-पायलट दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत यह रही कि विमान में कोई अन्य यात्री सवार नहीं था।
हवा में कई बार उछला और बन गया आग का गोला
इस भयानक हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दुर्घटना की भयावहता साफ देखी जा सकती है, वीडियो में दिख रहा है कि टेक-ऑफ की प्रक्रिया के दौरान जैसे ही विमान के पहिये रनवे से टकराते हैं, वह पूरी तरह अनियंत्रित हो जाता है। रफ्तार तेज होने के कारण विमान हवा में कई बार खतरनाक तरीके से उछाल लेता है और संतुलन खोकर रनवे पर ही क्रैश हो जाता है। टकराते ही उसमें एक जोरदार धमाका होता है और पूरा जेट आग के एक विशाल गोले में बदल जाता है।
मृतकों की हुई पहचान, अमेरिका में रजिस्टर्ड था जेट
स्थानीय डोमिनिकन समाचार पत्र ‘एल डिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रैश (Plane Crash) हुआ विमान गल्फस्ट्रीम G200 (Gulfstream G200) जेट था, जो अमेरिका में रजिस्टर्ड था। हादसे में अपनी जान गंवाने वाले दोनों क्रू मेंबर्स की पहचान अमेरिकी नागरिकों के रूप में की गई है, जिनके नाम एरिक जेवियर डियागो (पायलट) और रूडी गजल (को-पायलट) हैं।
प्यूर्टो रिको से ऑस्टिन की उड़ान पर था विमान
विमान के रूट और उड़ानों की प्रारंभिक कड़ियों को जोड़ते हुए अधिकारियों ने बताया कि:
यह प्राइवेट जेट पहले प्यूर्टो रिको से उड़ान भरकर डोमिनिकन रिपब्लिक के ला रोमाना एयरपोर्ट पर उतरा था।
यहाँ विमान में आगे के सफर के लिए ईंधन (फ्यूल) भरा गया था।
रिफ्यूलिंग के बाद इस जेट को अमेरिका के ऑस्टिन (टेक्सास) के लिए रवाना होना था, लेकिन उड़ान भरते ही यह हादसे का शिकार हो गया।
क्रैश की वजह जानने के लिए जांच शुरू
हादसे से ठीक पहले की तकनीकी स्थिति को लेकर एविएशन अथॉरिटी ने बताया कि ला रोमाना एयरपोर्ट से करीब 16 नॉटिकल मील दक्षिण-पश्चिम में विमान ने एक ‘इमरजेंसी अलर्ट’ (आपातकालीन चेतावनी) भी जारी की थी, लेकिन पायलट इसे संभाल पाते, उससे पहले ही टेक-ऑफ के दौरान यह क्रैश हो गया। नेशनल एविएशन अथॉरिटी और डोमिनिकन सिविल एविएशन इंस्टीट्यूट ने संयुक्त रूप से घटना की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच शुरू कर दी है, ताकि ब्लैक बॉक्स और रनवे के डेटा के आधार पर हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
