Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

प्रियंका गांधी ने ‘हम वचन निभाएंगे’ नारे के साथ की सात ‘प्रतिज्ञाओं’ की घोषणा

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को बाराबंकी के हरख बाजार से हरी झण्डी दिखाकर कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा को रवाना किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और यात्रा के प्रभारी पीएल पुनिया समेत बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इस दौरान प्रियंका गांधी ने “हम वचन निभाएंगे” के नारे के साथ कांग्रेस की सात प्रतिज्ञाओं की घोषणा की। बाराबंकी पहुंची प्रियंका गांधी ने खेत में धान काट रही महिलाओं से भी संवाद किया।

कांग्रेस की सात प्रतिज्ञाएं

  1. टिकट में महिलाओं की 40 फीसदी हिस्सेदारी
  2. लड़कियों को स्मार्ट फोन और स्कूटी
  3. किसानों का पूरा कर्जा माफ
  4. 2500 में गेहूं धान, 400 पाएगा गन्ना किसान
  5. बिजली बिल सबका हाफ, कोरोना काल का बकाया साफ
  6. दूर करेंगे कोरोना की आर्थिक मार, परिवार को देंगे 25 हजार
  7. 20 लाख को सरकारी रोजगार

उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों से कांग्रेस ने शनिवार को तीन यात्राएं प्रारम्भ की। इसमें बाराबंकी से प्रियंका गांधी और वाराणसी से प्रमोद तिवारी और सहारनपुर से सलमान खुर्शीद ने प्रतिज्ञा यात्रा शुरू की। पहली प्रतिज्ञा यात्रा वाराणसी से शुरू होकर रायबरेली में समाप्त होगी। दूसरी यात्रा बाराबंकी से शुरू होकर झांसी में समाप्त होगी। तीसरी यात्रा सहारनपुर से प्रारम्भ होकर मथुरा में समाप्त होगी। इन सभी यात्राओं का समापन 01 नवम्बर को होगा।

जमाखोरों पर CM योगी सख्त, अधिकारियों को दिए कार्रवाई करने के निर्देश

वाराणसी की यात्रा के प्रभारी प्रमोद तिवारी, बाराबंकी यात्रा के पीएल पुनिया और सहारनपुर से शुरू होनी वाली यात्रा के प्रभारी सलमान खुर्शीद बनाए गये हैं। कांग्रेस की चौथी प्रतिज्ञा यात्रा दीपावली बाद शुरू होगी। इन यात्राओं के जरिए कांग्रेस अपनी प्रतिज्ञाओं को लेकर जनता के बीच जायेगी।

प्रतिज्ञा यात्रा शुरू करने से पहले प्रियंका गांधी ने ट्वीट के माध्यम से भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा खरीददारी में कुव्यवस्था के चलते किसान को मंडी में पड़े धान में आग लगानी पड़ी। आगे उन्होंने लिखा कि सरकार जनता को प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। ललितपुर के किसान की लाइन में खड़े-खड़े मौत हुई।

Exit mobile version