Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

प्रियंका गांधी बोलीं- आर्थिक पैकेज साबित हुआ हाथी का दांत, मोदी सरकार ने डुबोई अर्थव्यवस्था

प्रियंका गांधी Priyanka Gandhi

प्रियंका गांधी

नई दिल्ली। कोरोना संकट के बीच जारी पहली तिमाही के जीडीपी आंकड़ों को लेकर विपक्ष मोदी सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को अर्थव्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने कोरोना संकट के दौर में जारी पैकेज की तुलना हाथी के दांत से की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अर्थव्यवस्था को डुबा दिया है।

प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर लिखा कि आज से 6 माह पहले राहुल गांधी जी ने आर्थिक सुनामी आने की बात बोली थी। कोरोना संकट के दौरान हाथी के दांत दिखाने जैसा एक पैकेज घोषित हुआ। लेकिन आज हालत देखिए। जीडीपी @ -23.9% जीडीपी। भाजपा सरकार ने अर्थव्यवस्था को डुबा दिया।

जीडीपी में भारी गिरावट को ‘ईश्वर के कदम’ का जिम्मेदार न ठहराया जाए : शत्रुघ्न सिन्हा

कांग्रेस नेता व बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी जीडीपी को लेकर सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि जिस तरह हमने सकल घरेलू उत्पाद के 23 फीसदी गिरने की दिल तोड़ने वाली खबर सुनी। दुरभाग्य से यह 40 सालों में सबसे खराब गिरावट रही है। उम्मीद है और दुआ भी करता हूं कि इसे भी ‘ईश्वर के कदम’ का जिम्मेदार न ठहराया जाए।

पहली तिमाही में जीडीपी गिरकर -23.9 फीसदी पर आई

कोविड-19 संकट के बीच देश की अर्थव्यवस्था में चालू वित्त वर्ष 2020-21 की अप्रैल-जून तिमाही में 23.9 प्रतिशत की भारी गिरावट आयी है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने पहली तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़े आज जारी किए हैं। इन आंकड़ों में जीडीपी में भारी गिरावट दिखी है। सकल घरेलू उत्पाद में इससे पिछले वर्ष 2019-20 की इसी तिमाही में 5.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

बता दें कि अलग-अलग रेटिंग एजेंसियों और इंडस्ट्री के जानकारों ने पहली तिमाही में जीडीपी में गिरावट आने के अनुमान दिए थे। इसकी साफ तौर पर वजह बताई गई कि कोरोना वायरस महामारी और उसको रोकने के लिये लगाए ‘लॉकडाउन’ के चलते औद्योगिक उत्पादन गिरा है, देश में सकल घरेलू उत्पाद में बेतहाशा कमी आई है और रोजगार के आंकड़ों में भी बड़ी गिरावट है।

Exit mobile version