Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

प्रियंका को पता है कि न नौ मन तेल होगा और न राधा नाचेगी : सुरेश

suresh khanna

suresh khanna

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं पर केन्द्रित कांग्रेस के घोषणा पत्र का मजाक उड़ाते हुये प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को अच्छी तरह पता है कि उनकी पार्टी प्रदेश की सत्ता से कोसों दूर है और अगर उनकी नीयत वाकई साफ होती तो यह घोषणा पत्र पहले कांग्रेस शासित राज्यों में लागू होता।

खन्ना ने बुधवार को पत्रकारों से कहा “ प्रियंका का यह ‘व्यक्तिगत’ घोषणा पत्र मिशन शक्ति से प्रेरित है। कांग्रेस का घोषणा पत्र होता, तो पहले कांग्रेस शासित राज्यों में लागू होता, लेकिन प्रियंका को पता है कि न नौ मन तेल होगा और न राधा नाचेगी। प्रियंका का नाम प्रियंका घोषणा वाड्रा होना चाहिए। ”

उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश के इतिहास में पहली बार महिलाओं के स्वाभिमान, स्वावलंबन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और सेहत के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। कांग्रेस, प्रियंका गांधी वाड्रा को ही गंभीरता से नहीं लेती है। इसीलिए महिलाओं को लेकर उनकी पार्टी में घोषणाओं को गंभीरता से नहीं लिया जाता है। बेहतर होगा कि पहले प्रियंका कांग्रेस शासित राज्यों में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर सख्त कदम उठाएं और फिर महिलाओं के स्वाभिमान, स्वावलंबन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और सेहत की बात करें।

मथुरा यही भूमि है जहां श्रीकृष्ण ने जन्म लेकर इसे धन्य किया : योगी आदित्यनाथ

कबीना मंत्री ने कहा “ जहां तक बात उत्तर प्रदेश की रही, तो योगी सरकार में महिलाओं के स्वाभिमान, स्वावलंबन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और सेहत को लेकर अनेक योजनाएं धरातल पर काम कर रही हैं। सरकारी नौकरियों से लेकर निजी क्षेत्र में भी महिलाओं को सशक्त और स्वावलंबी बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम किया जा रहा है।”

उन्होंने कहा कि देशभर में मिशन शक्ति पहले, दूसरे और तीसरे चरण की सफलता की चर्चा है। इसी से प्रेरित होकर प्रियंका चुनावी लालीपॉप लाई हैं। खन्ना ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं, इसके सैकड़ों उदाहरण हैं। दर्जन भर से ज्यादा योजनाएं प्रदेश में महिलाओं के लिए चल रही हैं, जो उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में सशक्त बना रही हैं।

Exit mobile version