पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस (Punjab Congress) ने संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल की मंजूरी के बाद पार्टी ने तीनों कार्यकारी अध्यक्षों को नई जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। नई व्यवस्था के तहत उन्हें अलग-अलग सह प्रभारियों के साथ समन्वय और जिला स्तर पर संगठन की जिम्मेदारी दी गई है।
तीनों कार्यकारी अध्यक्षों को मिला अलग-अलग प्रभार
नई जिम्मेदारियों के अनुसार:
- सुखविंदर सिंह डैनी को पंजाब कांग्रेस के सह प्रभारी सूरज ठाकुर के साथ समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। वह विधानसभा क्षेत्रों में सचिवों के साथ काम करने के अलावा 42 जिलों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
- संगत सिंह को सह प्रभारी रविंद्र दलवी के साथ लगाया गया है। उन्हें 45 जिलों का प्रभार सौंपा गया है।
- राज कुमार वेरका को सह प्रभारी हीना कवाडे के साथ विधानसभा क्षेत्रों में समन्वय का दायित्व दिया गया है। इसके साथ ही वह 30 जिलों के संगठनात्मक कार्यों की निगरानी करेंगे।
चुनावी रणनीति पर फोकस
पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल इन दिनों पांच दिवसीय दौरे पर चंडीगढ़ में हैं। इस दौरान वह आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और नेताओं के बीच समन्वय को लेकर लगातार बैठकें कर रहे हैं।
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि नई जिम्मेदारियों के जरिए बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन को अधिक सक्रिय बनाया जाएगा, ताकि चुनाव से पहले पार्टी की तैयारियों को गति मिल सके।
