Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर जबरदस्त हमला… विदेश से राहुल का मोदी सरकार पर हमला

Rahul Gandhi

Rahul Gandhi

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कोलंबिया में मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला। कोलंबिया के EIA यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि लोकतंत्र पर हमला भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने कहा कि भारत में कई धर्म, परंपराएं और भाषाएं हैं। एक लोकतांत्रिक व्यवस्था सभी के लिए जगह प्रदान करती है।

मगर इस समय जो डेमोक्रेटिक सिस्टम है, वह हर तरफ से हमले की चपेट में है। वहीं, वैश्विक परिदृश्य में भारत की बढ़ती प्रासंगिकता के सवाल पर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा कि भारत में 1.4 अरब लोगों के साथ जबरदस्त क्षमता है। लेकिन भारत का सिस्टम चीन से पूरी तरह अलग है क्योंकि यहां कई प्रकार की भाषाए, संस्कृतियां, परंपराएं और धर्म हैं। इसलिए भारत का सिस्टम थोड़ा कॉम्प्लेक्स है।

भारतीय ढांचे में कुछ खामिया हैं- राहुल

राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा कि भारत दुनिया को बहुत कुछ दे सकता है। मगर भारतीय ढांचे में कुछ खामिया हैं, कुछ जोखिम हैं, जिनसे भारत को पार पाना होगा। सबसे बड़ा जोखिम लोकतंत्र पर हो रहा हमला है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अलग-अलग परंपराओं, धर्मों और विचारों को जगह देने की आवश्यकता होती है। मगर इस समय भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर जबरदस्त हमला हो रहा है।

उन्होंने कहा हम वह नहीं कर सकते जो चीन करता है। लोगों को दबाना और एक सत्तावादी व्यवस्था चलाना। हमारा ढांचा इसे स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि भारत, चीन का पड़ोसी और अमेरिका का बड़ा साझेदार है। हम ठीक उस जगह पर बैठे हैं जहां दोनों ताकतें आपस में टकरा रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत में अपार क्षमताएं हैं। इसकी आबादी चीन से ज्यादा है।

भारत की व्यवस्था बहुत जटिल है

भारत की व्यवस्था बहुत जटिल है। भारत की ताकतें चीन से अलग हैं। भारत की एक प्राचीन आध्यात्मिक और वैचारिक परंपरा भी है जो आज की दुनिया के लिए बहुत उपयोगी है। उन्होंने ये भी कहा कि भारत, चीन की तरह अपने लोगों का दमन नहीं कर सकता। हम तानाशाही व्यवस्था नहीं चला सकते। अमेरिका के बारे में बात करते हुए राहुल ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का ध्रुवीकरण अभियान ज्यादातर बेरोजगारों पर केंद्रित है।

Exit mobile version