Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

राहुल गांधी का PM नरेंद्र मोदी पर तंज- आर्थिक तूफान सिर पर, PM इटली में टॉफी बांट रहे

Rahul Gandhi

Rahul Gandhi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इटली दौरे पर वहां की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट किए जाने के मामले पर अब देश में सियासी घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने इस घटनाक्रम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, “आर्थिक तूफ़ान सर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफ़ी बांट रहे हैं।” राहुल गांधी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने देश की आंतरिक स्थिति का हवाला देते हुए केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आज देश का किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं और परेशान हैं, जबकि इसके विपरीत प्रधानमंत्री विदेशों में ‘हंसकर रील बना रहे हैं’ और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता इस पर तालियां बजा रहे हैं। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के इस रुख की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘नेतृत्व नहीं, बल्कि नौटंकी’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी ने पिछले तीन महीनों में देश की सुरक्षा और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए जो जरूरी और ठोस कदम उठाए जाने चाहिए थे, वे नहीं उठाए।

अपने बयान को और कड़ा करते हुए राहुल गांधी ने भविष्य के आर्थिक संकट की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ टॉफी साझा कर रहे हैं और वीडियो बना रहे हैं, जैसे सब कोई मजाक चल रहा हो। राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि जब देश में असली आर्थिक तूफान आएगा, गरीबों को चोट पहुंचेगी, किसानों को खाद नहीं मिलेगी, पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छूने लगेंगे और महंगाई आम जनता का जीना मुहाल कर देगी, तब मोदी जी हमेशा की तरह हाथ जोड़कर जनता के सामने कहेंगे— “भाइयों और बहनों, अगर मेरी गलती है तो मुझे फांसी पर चढ़ा दो।”

दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब अपने पांच देशों के आधिकारिक दौरे के आखिरी चरण में इटली पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक हल्का-फुल्का वीडियो सामने आया। इस वीडियो में नीले रंग का बंदगला सूट पहने पीएम मोदी, सफेद सूट पहने इतालवी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को भारत की मशहूर ‘मेलोडी’ टॉफियों का एक पैकेट उपहार में देते नजर आ रहे हैं। इस कूटनीतिक मुलाकात में दोनों नेता मुस्कुराते और हंसते हुए दिख रहे हैं। सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं के लिए काफी समय से वायरल हो रहे हैशटैग “#Melodi” (मेलोनी + मोदी) को देखते हुए इस गिफ्ट को एक मजाकिया और आत्मीय इशारे के रूप में देखा गया। खुद जॉर्जिया मेलोनी ने इस वीडियो क्लिप को साझा करते हुए लिखा था, “गिफ्ट के लिए धन्यवाद।” लेकिन अब इसी दोस्ताना कूटनीति पर विपक्ष ने देश की अर्थव्यवस्था का मुद्दा उठाकर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।

Exit mobile version