चेक बाउंस मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में करीब 12 दिन बिताने के बाद फिलहाल राजपाल यादव (Rajpal Yadav) अंतरिम जमानत पर बाहर है। मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी। राजपाल जेल से रिहा होने के बाद अपनी भतीजी की शादी में शामिल हुए थे। इसके बाद अक्षय कुमार के शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ में पहुंचे। वहीं अब उन्होंने अपने फैंस को बताया है कि वो नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं।
राजपाल यादव ने(Rajpal Yadav) अपने एक्स हैंडल से एक वीडियो शेयर करते हुए एक ऐसा अपडेट शेयर किया है जिससे उनके फैंस और चाहने वाले खुश हो गए हैं। दरअसल राजपाल ने बताया कि उन्होंने अपना नया यूट्यूब चैनल लॉन्च किया है और एक्टर ने कहा कि अब उनसे जुड़ी सभी तरह की जानकारी फैंस और दर्शकों को उनके यूट्यूब चैन पर मिलेंगी। ये ऐलान करते हुए अभिनेता ने फैंस से मदद भी मांगी है।
उन्होंने एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, ”नमस्ते दोस्तों, मैं हूं आपका राजपाल और बताते हुए बहुत ही खुशी महसूस हो रही है। मैं बहुत दिनों से तैयारी भी कर रहा था एक नई पारी की शुरुआत करूं और वो घड़ी आ गई है। आप सबका आशीर्वाद चाहिए। मैं अपना यूट्यूब चैनल लॉन्च कर रहा हूं जिसका नाम है राजपाल नौरंग यादव।”
अभिनेता ने आगे कहा, ”सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से तो आपका आशीर्वाद हमें खूब मिल रहा है। अब हमारा चैनल आपको विस्तार से हमारी सारी अपडेट्स देते रहेगा। आपसे प्रार्थना करता हूं कि आप इसे शेयर और सब्सक्राइब करें और हमें आशीर्वाद दें। ये चैनल आपका चैनल है।”
बता दें कि राजपाल यादव ने साल 2012 में आई अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। लेकिन, वो लोन चुका नहीं पाए पाए और ब्याज सहित कुल रकम 9 करोड़ रुपये हो गई थी। अभिनेता ने तिहाड़ जेल में सरेंडर करते हुए कहा था कि उनके पास पैसे नहीं है। लेकिन, इंडस्ट्री से जुड़े और राजनीति के लोगों ने उनकी मदद की थी। उनके वकील ने बताया था कि डेढ़ करोड़ रुपये अब तक चुका दिए गए हैं। इसी बीच अब राजपाल ने कमाई के लिए नया रास्ता अपनाया है।
