Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

सोने का मुकुट धारण कर रत्नजड़ित पीले वस्त्र में दर्शन देंगे रामलला

Ramlala

Ramlala

अयोध्या। योग लगन ग्रहवार तिथि सकल भए अनुकूल, चर अरू अचर हर्ष युत राम जनम सुख मूल…रामजन्म का प्रसंग निरूपित करती श्रीरामचरित मानस की यह पंक्ति रामजन्मोत्सव (Ram Janmotsav) की पूर्व संध्या पर साकार होती दिखी। रामजन्मोत्सव की पूर्व संध्या बुधवार से ही नगरी उत्सव के रंग में डूब गई है। अयोध्यावासी निहाल हैं, चहुंओर उल्लास है।

रामजन्मोत्सव के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रामलला (Ramlala) के दरबार को फूलों से सजाया गया है। जन्मोत्सव पर बृहस्पतिवार को रामलला रत्नजड़ित पीले वस्त्र में भक्तों को दर्शन देंगे। राम सहित चारों भाइयों को सोने का मुकुट पहनाया जाएगा। सुबह रामलला का पंचामृत व इत्र से अभिषेक होगा। दोपहर ठीक 12 बजे जन्मोत्सव की आरती होगी।

रामलला (Ramlala) को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। संगीतज्ञों द्वारा बधाई गान की स्तुति की जाएगी। जन्मोत्सव की आरती में लगभग 200 भक्त शामिल हो सकेंगे। श्रीरामजन्मभूमि के मुख्य अर्चक आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया कि हर बार डेढ़ क्विंटल पंजीरी का भोग प्रसाद बनता था। इस बार ट्रस्ट 10 क्विंटल पंजीरी का भोग प्रसाद बनवा रहा है। रामजन्म की आरती के दर्शनार्थियों को प्रसाद बांटा जाएगा। इसके लिए ट्रस्ट एक लाख पैकेट तैयार करा रहा है। इसमें कुट्टू, सिंघाड़ा, धनिया व रामदाना की पंजीरी का मिक्स प्रसाद होगा।

अब तक करीब 10 लाख श्रद्धालु पहुंचे अयोध्या

रामनगरी की परिधि में अब तक करीब 10 लाख श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। सबके चेहरे पर रामजन्मोत्सव की शुभ घड़ी की प्रतीक्षा का उल्लास झलक रहा है। मंदिरों में गीत-संगीत उत्सव का चरम परिभाषित कर रहे हैं।

अयोध्या पहुंचे भक्तों ने बुधवार को सबसे पहले पावन सलिला सरयू में डुबकी लगाई। उसके बाद काफिला मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए निकल पड़ा। रामलला (Ramlala) के दरबार में भी लंबी कतार रही। शाम होते ही पूरी रामनगरी जन्मोत्सव के उल्लास में भव्य सजावट से जगमग हो उठी। चौक-चौराहों पर जहां एलईडी पर श्रद्धालु राममंदिर निर्माण की भव्यता से रूबरू होते रहे।

मेलाक्षेत्र में सात स्थानों पर सांस्कृतिक मंच भी सजे हैं। भजन संध्या स्थल में सांस्कृतिक कार्यक्रम देख भक्त आनंदित हो रहे हैं। सरयू तट से लेकर राम की पैड़ी व तुलसी उद्यान की भव्यता भक्तों को निहाल कर रही है। भक्तों में रामलला के दर्शन के साथ-साथ राममंदिर निर्माण कार्य का साक्षी बनने की भी उत्सुकता दिखी। शाम होने वाले सरयू आरती की भव्यता भी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही है।

घर बैठे जन्मोत्सव के साक्षी बन सकेंगे भक्त

रामजन्मोत्सव का लाइव प्रसारण एएनआई व दूरदर्शन द्वारा रामलला के दरबार व कनकभवन से पूर्वाह्न 11 बजे से किया जाएगा। ऐसे में जो भक्त बृहस्पतिवार को रामजन्मभूमि व कनकभवन नहीं पहुंच सकते उन्हें घर बैठे अपने आराध्य के जन्मोत्सव का साक्षी बनने का अवसर प्राप्त होगा। यही नहीं दशरथ महल, रामबल्लभाकुंज, मणिरामदास की छावनी, जानकीघाट बड़ा स्थान आदि द्वारा एलईडी लगाकर भक्तों को जन्मोत्सव का लाइव दिखाया जाएगा। इसके अलावा मेलाक्षेत्र में आठ स्थानों पर एलईडी पर भी लाइव प्रसारण की व्यवस्था रहेगी।

Exit mobile version