लखनऊ: सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. राकेश वर्मा और दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री फिरदौस बानो (जारा खान) ने बुधवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने दोनों का स्वागत किया और ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद डॉ. राकेश वर्मा ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में गंभीरता से काम करने की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों को अपने मूल दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की भी बात कही।
डॉ. वर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति करना नहीं, बल्कि काम करना है। उन्होंने दावा किया कि देश और प्रदेश ऐसे लोगों के हाथों में है, जिनका लोकतंत्र और संविधान में विश्वास नहीं है। उनके मुताबिक देश संविधान के अनुसार चलना चाहिए और कांग्रेस संविधान के पालन में विश्वास रखती है।
डॉ. राकेश वर्मा ने कहा कि राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान उनके विचारों ने उन्हें प्रभावित किया। इसके अलावा अजय राय के संघर्ष को देखकर भी उन्होंने कांग्रेस के साथ जुड़ने का फैसला किया।
अजय राय ने कहा कि डॉ. वर्मा और फिरदौस बानो सामाजिक कार्यों से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि डॉ. वर्मा 85 दिव्यांग बच्चों की परवरिश कर रहे हैं। राय ने कहा कि दोनों के कांग्रेस में आने से पार्टी के संगठन को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इसी दौरान नरेंद्र गौतम के नेतृत्व में कई अन्य लोगों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
