Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

अब TV पर गदर मचाएंगे क्रिकेटर रोहित शर्मा, अपना शो लेकर आएंगे ‘हिटमैन’

Rohit Sharma

Rohit Sharma

क्रिकेट के मैदान पर अपनी बल्लेबाजी से फैंस का दिल जीतने वाले रोहित शर्मा (Rohit Sharma) अब टीवी स्क्रीन पर भी छाने की तैयारी में हैं। टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास के बाद रोहित अब एंटरटेनमेंट की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। वह जल्द अपना खुद का ‘Rohit Sharma Show’ लेकर टीवी पर नजर आएंगे।

रोहित के इस नए शो का प्रोमो सोनी टीवी ने सोशल मीडिया पर जारी किया है। प्रोमो सामने आते ही फैंस के बीच शो को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। हालांकि, शो की लॉन्च डेट और फॉर्मेट से जुड़ी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

कैमरा के पीछे भी दिखा रोहित का अंदाज

प्रोमो वीडियो में रोहित शर्मा कैमरे के अलग-अलग एंगल चेक करते नजर आ रहे हैं। वह कैमरा मैन को शूटिंग से जुड़े निर्देश भी देते दिखते हैं। वीडियो के साथ चैनल ने लिखा, ‘स्टेज रेडी, कैमरा रेडी… जल्दी मिलते हैं।’

प्रोमो को देखकर माना जा रहा है कि रोहित शो में एंकर या प्रेजेंटर की भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि, शो में क्या खास देखने को मिलेगा, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है।

‘गार्डन’ डायलॉग फिर आया चर्चा में

रोहित शर्मा का मशहूर ‘कोई भी गार्डन में नहीं घूमेगा’ वाला डायलॉग भी शो के प्रमोशन का हिस्सा बन चुका है। मई में जारी एक टीजर में फैंस रोहित से यह डायलॉग दोहराने की मांग करते नजर आए थे।

बार-बार इस डायलॉग की फरमाइश से परेशान रोहित ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि एक डायलॉग इतना वायरल हो गया है, अब पूरा शो आएगा तो क्या होगा।

फैंस को शो का बेसब्री से इंतजार

रोहित शर्मा के टीवी डेब्यू की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस का उत्साह बढ़ गया है। प्रोमो के कमेंट सेक्शन में लोग अपने पसंदीदा क्रिकेटर का टीवी की दुनिया में स्वागत कर रहे हैं।

अब सबकी नजर इस बात पर है कि ‘हिटमैन’ मैदान के बाहर टीवी पर किस अंदाज में नजर आते हैं और अपने शो में क्या नया लेकर आते हैं।

Exit mobile version