Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

सपा कार्यालय खाली कराने पर हंगामा, जिलाध्यक्ष समेत 15 पदाधिकारी हिरासत में

Ruckus over vacating SP office, district president in custody

Ruckus over vacating SP office, district president in custody

पीलीभीत में नगर पालिका ईओ के आवास में संचालित समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला कार्यालय (SP Office) को खाली कराने की प्रक्रिया बुधवार सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई। सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, ईओ संजीव कुमार समेत अन्य अफसर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सपा कार्यालय से सटे एक अन्य कमरे का ताला तोड़ा गया। इसकी जानकारी मिलते ही सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा समेत तमाम नेता और कार्यकर्ता भी पहुंच गए।

कार्रवाई को लेकर सपा जिलाध्यक्ष की अफसरों से बहस भी हुई। इस दौरान पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष को धक्का देकर हटा दिया। इस दौरान हंगामा भी हुआ। इसके बाद सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा समेत 15 पदाधिकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन ले जाया गया। नगर पालिका ने भवन पर कब्जा लेकर अपना ताला डाल दिया।

वर्ष 2006 में सपा कार्यालय (SP Office) के लिए आवंटित हुआ था भवन

शहर के नकटादाना चौराहा पर नगर पालिका के ईओ का आवास है। वर्ष 2006 में पालिका की ओर से इस आवासीय भवन को समाजवादी पार्टी के कार्यालय के लिए आवंटित किया गया था। बताया जा रहा है कि वर्ष 2020 में आवंटन का कार्यकाल समाप्त हो गया, लेकिन इसके बाद भी कार्यालय संचालित किया जाता रहा। एक माह पूर्व कार्यालय को खाली कराने को लेकर पालिका प्रशासन की ओर से कवायद शुरू की गई थी।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार की ओर से सपा कार्यालय (SP Office) के बाहर नोटिस चस्पा कर 10 जून को कार्यालय खाली कराने की बात कही गई थी। ईओ की ओर से एसपी, सिटी मजिस्ट्रेट समेत अफसरों को पत्र लिखकर सहयोग मांगा गया था। इस पर बीते मंगलवार को सपा कार्यालय खाली कराने की कार्रवाई शुरू हुई थी, लेकिन सपा पदाधिकारियों की मांग पर प्रशासन ने छह दिन का समय दिया था।

प्रशासन की ओर से दिया समय पूरा होने पर बुधवार सुबह सपा कार्यालय (SP Office) को खाली कराने की कार्रवाई शुरू की गई। अफसर पुलिस फोर्स के साथ सपा कार्यालय पहुंचे। कार्यालय खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कराई। इसकी जानकारी मिलते ही सपा जिलाध्यक्ष समेत तमाम कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। अफसरों की मौजूदगी में कार्यालय का ताला खोला गया। इसके बाद नगर पालिका ने भवन पर कब्जा लेकर अपना ताला लगा दिया।

कई सपा नेता हिरासत में

कार्रवाई को लेकर सपा जिलाध्यक्ष की अफसरों से बहस भी हुई। इस दौरान पुलिस और सपाई के बीच धक्कामुक्की भी हुई। पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा, समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार राजू, यूसुफ कादरी, पिंटू यादव समेत 15 से अधिक पदाधिकारियों को हिरासत में लिया। सभी को वाहन में बैठाकर पुलिस लाइन ले जाया गया। कार्रवाई के दौरान नकटादाना चौराहा पर अफरातफरी की स्थिति रही।

Exit mobile version