Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

कल से लगातार 6 दिनों तक बंद रहेंगा SBI, आज ही निपटा लें जरूरी काम

SBI

SBI

अगर आपका खाता भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में है, तो अपनी जेब और समय का ध्यान रखते हुए आज ही सारे जरूरी काम निपटा लें। कल यानी 23 मई से लेकर 28 मई 2026 तक देश भर में एसबीआई की शाखाओं में कामकाज पूरी तरह ठप रहने वाला है। 6 दिनों की इस लंबी बंदी के कारण आपको कैश निकालने, चेक क्लियर करने या ड्राफ्ट बनवाने जैसे कामों के लिए बैंक का चक्कर काटना भारी पड़ सकता है।

क्यों बंद रहेंगे SBI  बैंक?

बैंकों में इस लंबी तालाबंदी की वजह कोई एक सरकारी छुट्टी नहीं, बल्कि वीकेंड, त्योहार और कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल का एक साथ आना है:

23 मई: महीने का चौथा शनिवार होने के कारण आधिकारिक छुट्टी।

24 मई: रविवार का साप्ताहिक अवकाश।

25 और 26 मई: ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) के आह्वान पर दो दिनों की देशव्यापी हड़ताल।

27 मई: बकरीद (ईद-उल-अजहा) के मौके पर देश के अधिकांश राज्यों में बैंकों की छुट्टी।

28 मई: जम्मू-कश्मीर और कुछ अन्य राज्यों में बकरीद की लगातार दूसरे दिन की छुट्टी।

सड़कों पर क्यों उतर रहे हैं एसबीआई कर्मचारी?

इस बंदी का सबसे बड़ा कारण 25 और 26 मई को होने वाली बैंक कर्मचारियों की हड़ताल है। अपनी 16 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारी यूनियन आर-पार की लड़ाई के मूड में है।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगें:

बैंक शाखाओं में सुरक्षा के लिए पर्याप्त आर्म्ड गार्ड्स (हथियारबंद सुरक्षाकर्मी) तैनात किए जाएं।

काम के बढ़ते बोझ को कम करने के लिए नई भर्तियां की जाएं और चतुर्थ श्रेणी (मेसेंजर) के खाली पदों को तुरंत भरा जाए।

स्थाई प्रकृति के कामों को बाहरी एजेंसियों को सौंपने (आउटसोर्सिंग) पर पूरी तरह रोक लगे।

कर्मचारियों पर दबाव बनाकर ग्राहकों को गलत वित्तीय प्रोडक्ट बेचने (मिस-सेलिंग) का चलन बंद हो।

नई पेंशन योजना (NPS) के तहत कर्मचारियों को अपना फंड मैनेजर चुनने की आजादी मिले।

क्या रुक जाएंगे आपके लेन-देन?

शाखाएं बंद होने की खबर से घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि डिजिटल इंडिया के इस दौर में आपकी बैंकिंग पूरी तरह नहीं थमेगी।

ऑनलाइन बैंकिंग चालू रहेगी: एसबीआई की इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग (YONO ऐप) सेवाएं 24 घंटे काम करती रहेंगी। आप किसी को भी पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं।

UPI और डिजिटल पेमेंट्स: गूगल पे, फोनपे, पेटीएम या भीम ऐप के जरिए दुकानों पर भुगतान या पैसों का लेन-देन हमेशा की तरह चालू रहेगा।

ATM सेवाएं: अगर आपको कैश (नकदी) की तत्काल जरूरत है, तो एटीएम हमेशा की तरह खुले रहेंगे। हालांकि, लगातार 6 दिन बैंक बंद होने के कारण एटीएम में कैश की किल्लत हो सकती है, इसलिए बेहतर होगा कि आप एडवांस में कुछ नकदी अपने पास संभाल कर रखें।

Exit mobile version