Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

कड़ी सुरक्षा के बीच UP Police SI भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन, 19 केंद्रों पर परीक्षा शुरू

Second day of UP Police SI recruitment exam

Second day of UP Police SI recruitment exam

जौनपुर। यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर ( UP Police SI) भर्ती परीक्षा का रविवार को जिले में दूसरा दिन शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर प्रथम पाली में 7,920 परीक्षार्थी परीक्षा देने वाले हैं।

परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर तीन स्तरीय सघन चेकिंग की व्यवस्था की गई है। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की फेस स्कैनिंग और फिंगरप्रिंट स्कैनिंग के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया। बायोमेट्रिक पुष्टि होने के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई।गेट पर चेकिंग के दौरान परीक्षार्थियों से बेल्ट, जूते और मोजे उतरवाए गए।

कई परीक्षार्थी जूते हाथ में लेकर केंद्र के अंदर जाते दिखाई दिए। अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की अंगूठी, गले या हाथ में माला पहनकर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई। परीक्षा केंद्र में केवल पेन, प्रवेश पत्र और आधार कार्ड ले जाने की अनुमति थी। केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की लंबी कतारें भी देखी गईं। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे कड़ी निगरानी के बीच शुरू हुई।

प्रत्येक परीक्षार्थी की हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से जांच और फ्रिस्किंग की गई। सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के साथ पुलिस बल की तैनाती रही।जिला स्तरीय कंट्रोल रूम और डीजीपी मुख्यालय से सीसीटीवी कैमरों के जरिए सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जा रही है। नकल रोकने के लिए सभी केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 19 केंद्र व्यवस्थापक तथा लगभग 700 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है, जिसमें दूसरी पाली में भी 7,920 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

Exit mobile version