Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

शेयर बाजार में बिकवाली हावी, सेंसेक्स 388 अंक फिसला; निफ्टी 24,500 के नीचे

Stock Market

Stock Market

घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में बिकवाली का दबाव हावी रहा। मामूली गिरावट के साथ खुले सेंसेक्स और निफ्टी में बाजार खुलते ही कमजोरी बढ़ गई। हालांकि निचले स्तरों पर खरीदारों ने लिवाली की कोशिश की, लेकिन शुरुआती एक घंटे के बाद भी दोनों सूचकांक लाल निशान में कारोबार करते नजर आए।

78,114 तक लुढ़का सेंसेक्स

बीएसई सेंसेक्स 32.67 अंक की गिरावट के साथ 78,509.77 अंक पर खुला। कारोबार शुरू होते ही बिकवाली तेज होने से सेंसेक्स करीब 400 अंक टूटकर 78,114.07 अंक तक पहुंच गया। बाद में खरीदारी बढ़ने से इसमें कुछ सुधार आया।

सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 387.58 अंक यानी 0.49 फीसदी गिरकर 78,154.86 अंक पर कारोबार कर रहा था।

निफ्टी में भी गिरावट

निफ्टी ने भी 8.70 अंक की कमजोरी के साथ 24,575.10 अंक पर कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती बिकवाली में यह 120 अंक से ज्यादा टूटकर 24,460.90 अंक तक पहुंच गया।

बाद में बाजार में खरीदारी लौटने से निफ्टी ने निचले स्तर से कुछ रिकवरी की। सुबह 10:15 बजे यह 110.45 अंक यानी 0.45 फीसदी की गिरावट के साथ 24,473.35 अंक पर कारोबार कर रहा था।

1,459 शेयरों में गिरावट

शुरुआती कारोबार में 2,801 शेयरों में ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें 1,342 शेयर बढ़त में और 1,459 शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में 23 लाल निशान में रहे, जबकि सिर्फ 7 शेयरों में तेजी रही। निफ्टी के 50 शेयरों में 34 शेयर कमजोर और 16 शेयर बढ़त में कारोबार कर रहे थे।

इन शेयरों ने संभाला बाजार

शुरुआती कारोबार में आयशर मोटर्स, बजाज ऑटो, एचसीएल टेक, टाइटन और बजाज फिनसर्व के शेयरों में तेजी रही। इन शेयरों में करीब 0.76 फीसदी से 1.37 फीसदी तक की बढ़त दर्ज की गई।

दूसरी ओर टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, नेस्ले, एक्सिस बैंक, इंडिगो और एसबीआई लाइफ के शेयरों पर बिकवाली का दबाव रहा। इनमें 1.08 फीसदी से 1.79 फीसदी तक की गिरावट देखने को मिली।

सोमवार को हरे निशान में बंद हुआ था बाजार

पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 43.67 अंक बढ़कर 78,542.44 अंक पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी भी 13.15 अंक की मामूली बढ़त के साथ 24,583.80 अंक पर बंद हुआ था।

Exit mobile version