Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

पुलिस लाइन में धूमधाम से मनाया जा रहा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, CM योगी एवं उपमुख्यमंत्री पहुंचे

पूरे भारत में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश की राजधानी लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी, डीजीपी मुकुल गाेयल, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव (एमएसएमई, खादी एवं ग्रामोद्योग) नवनीत सहगल, पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर, अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी सुश्री प्राची सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त सैय्यद अली अब्बास सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल, पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने मुख्यमंत्री को भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा देकर सम्मानित किया। उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को पुलिस कमिश्नर ने सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीकृष्ण जी को माल्यापर्ण कर किया। इस दौरान सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी को श्री कृष्ण जन्मोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज पूरे प्रदेश में जन्माष्टमी हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। जिला व पुलिस प्रशासन के आपसी सहयोग से ऐसे अच्छे कार्यक्रम आयोजित होते हैं।

राजधानी लखनऊ का कार्यक्रम इसका उदाहरण है। सभी को सकारात्मक भाव से परिजनाें और ईष्ट मित्रों के साथ श्री कृष्ण का जन्म मनाना चाहिए। आस्था हम सबकी सबसे बड़ी ताकत है, विपरीत परिस्थितियों में लड़ने की ताकत देता है। कोरोना महामारी इसकी बानगी है।

श्री कृष्णलीला सम्बन्धित भव्य झांकियो, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का रंगारंग आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर पुलिस अधिकारी,कर्मचारी अन्य गणमान्य व्यक्ति सपरिवार उपस्थित होकर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के भव्य रंगारंग कार्यक्रम का आनंद ले रहे है।

Exit mobile version