Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

चोरी का विरोध करने पर महिला की हत्या करने वाला मास्टरमाइंड समेत छ्ह गिरफ्तार

murder

murder

उत्तर प्रदेश में झांसी के बडागांव थानाक्षेत्र लगभग दस दिन पहले चोरी की घटना में महिला हत्या के मामले का खुलासा शुक्रवार को करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया।

यहां पुलिस लाइन में पत्रकारों के समक्ष मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक-नगर (एसपी सिटी) विवेक त्रिपाठी ने बताया कि गांव के दो लोगों के साथ मिलकर कुल 06 लोगों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था और विरोध करने पर महिला को मौत के घाट उतारा था। पुलिस ने गांव के दोनों मास्टरमाइंड सहित छह बदमाशों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से लाखों की कीमत के चोरी गए गहने वह 60 हजार की नगदी बरामद की है।

16 दिसम्बर की रात को बड़ागांव थाना क्षेत्र के जौरी बुजुर्ग में एक महिला की हत्या करने के साथ चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था, इस संबंध में मृतका मनोरमा के पुत्र मनोज गुप्ता ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। महिला के कत्ल की घटना को अंधा कत्ल करार दिया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को यह जानकारी हुई कि गांव के दो लोगों का घटना के कुछ दिन पूर्व से मनोरमा के घर के आस पास, आना जाना लगा रहता था। इसी शक पर चोरों की गिरफ्तारी के मामले में थाना प्रभारी रवीन्द्र कुमार त्रिपाठी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर ने सूचना दी कि ग्राम बराठा के पास काली माता मंदिर के पास आधा दर्जन लोगों को देखा गया है। पुलिस ने सूचना पर गंभीरता दिखाते हुए बताए गए स्थल से शुक्रवार को आधा दर्जन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

क्रिसमस पर कोरोना वायरस का वार, यीशु के जन्‍मस्‍थल पर भी रहा सन्नाटा

पुलिस ने पकड़े गये बदमाशों के पास से करीब छह लाख की कीमत के 121 ग्राम सोने व 2किग्रा व 800 ग्राम चांदी के जेवरात और 60 हजार नगदी बरामद की। पूछताछ में गिरफ्त में आए लोगों ने अपने नाम मोहर सिंह कुशवाहा निवासी ग्राम जौरी बुजुर्ग थाना बड़ागांव, संदीप राजपूत निवासी जौरी बुजुर्ग, विशाल उर्फ बॉबी रायक्वार निवासी पारीछा कालोनी, राजदीप सिंह निवासी ध्वानी थाना चिरगांव, हेमंत राजपूत निवासी जौरी बुजुर्ग और अरविन्द प्रजापति निवासी खिड़कीपुरा चिरगांव बताया। उन्होंने बड़ागांव में महिला की हत्या कर लूट की वारदात करना स्वीकार करते हुए बताया उनसे बरामद माल इसी घटना का है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 16 दिसम्बर को बड़ागांव थाना क्षेत्र में रहने वाले मनोज गुप्ता के घर में घुस कर इन्हीं 6 बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था और मनोज की मां बीच में आने पर तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। इस पूरी साजिश के मास्टरमाइंड गांव के मोहर सिंह व संदीप राजपूत थे। यही नहीं चोरी के माल को चिरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम ध्वानी निवासी राजदीप के घर रखा गया था। घटना में चोरी गए माल की 100 प्रतिशत बरामदगी हुई है। पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है।

Exit mobile version