Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

तेज रफ्तार ट्रैक्टर बने काल, छह महिलाओं की मौत

Six women killed in horrific road accident

Six women killed in horrific road accident

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर को दो ट्रैक्टर चालकों की लापरवाही की वजह से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा (Road Accident) हो गया। कछला और उझानी के बीच फूलपुर क्षेत्र में हाईवे पर दो ट्रैक्टर चालक आपस में रेस लगा रहे थे। इसी होड़ में तेज रफ्तार ट्रैक्टरों ने सामने से आ रहे एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रिक्शा चालक सनी और डाल सिंह समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

हादसे (Road Accident) का शिकार हुई महिलाएं कछला के मुरावन नगला मोहल्ले की रहने वाली थीं। दरअसल, डाल सिंह के बेटे कुंवर पाल की शादी आगामी 29 जून को होनी तय हुई है, और परिवार की महिलाएं शादी की ‘भात’ मांगने की रस्म के लिए पास के ही गठोना गांव जा रही थीं। मृतकों में डाल सिंह की पत्नी राजकुमारी (55 वर्ष), गंगा श्री (32 वर्ष), रेवती (80 वर्ष), प्रेम देवी (45 वर्ष), नारायणी देवी (32 वर्ष) और आरती शामिल हैं। इस भीषण हादसे के बाद शादी वाले घर की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं और पूरे गांव में कोहराम मच गया।

चश्मदीदों के मुताबिक, दोनों ट्रैक्टर चालक उझानी मंडी में मक्का उतारकर वापस लौट रहे थे और निर्माणाधीन हाईवे की एक ही लेन पर एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में थे। जैसे ही दोनों ने एक-दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश की, सामने से आ रहा ई-रिक्शा उनकी चपेट में आ गया। पहले एक ट्रैक्टर ने रिक्शे को टक्कर मारी और फिर दूसरे ने उसे बेरहमी से रौंद दिया। हादसे के बाद एक चालक अपना ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरा चालक पकड़े जाने के डर से अपनी गाड़ी वहीं छोड़कर भाग निकला। कुछ बाइक सवारों ने उनका पीछा भी किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए।

घटना की जानकारी मिलते ही जिले के डीएम और एसएसपी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मौके पर छूटे ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है और दोनों फरार चालकों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज जाकर घायल लोगों से मुलाकात की और डॉक्टरों को उनके बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

Exit mobile version