Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

फौजी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

Suicide

suicide

औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के जालौन चौराहे के समीप रहने वाले एक फौजी ने परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या (Suicide) कर ली। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया तथा फौज के अधिकारियों से संपर्क करते हुए मामले की जानकारी दी गई।

वहीं मृतक की पत्नी ने फौज के सीओ पर उसके पति को परेशान किए जाने का आरोप लगाया है। शहर के जालौन चौराहे के समीप स्थित निवास कर रहे फौजी विकास कुमार दुबे ने रविवार की दोपहर में अपने कमरे में जाकर घर में पंखे के सहारे कपड़े से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मामले की जानकारी जब उसकी पत्नी को हुई तो उसने शोर मचाना प्रारंभ कर दिया। शोरगुल की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग भी आ गए। पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर फंदे पर लटके फौजी विकास को नीचे उतारा तथा अस्पताल ले गए। जहां पर चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

इसके उपरांत वह लोग शव को लेकर घर पहुंचे और उन्होंने मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तथा मृत फौजी के परिजनों से जानकारी हासिल की। इस पर मृतक की पत्नी सपना ने बताया कि वह 7 जुलाई को घर आए थे और उन्होंने बताया था कि उनके सीओ द्वारा उन्हें काफी परेशान किया जा रहा है।

वर्तमान में वह डिब्रूगढ़ में तैनात थे। महिला ने आरोप लगाया कि सीओ द्वारा एक दिन देरी से पहुंचने पर उनका वेतन रोक दिया गया था। जिसके कारण वह परेशान चल रहे थे। मृतक के 2 पुत्र हैं जिनमें 8 वर्ष का मयंक तथा 5 वर्ष का मानस है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने फौज के अधिकारियों का नंबर लेकर उन्हें घटना की जानकारी दी।

Exit mobile version