Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

यूपी में सपा को मिला कांग्रेस का हाथ

SP, Congress

Rahul Gandhi, Akhilesh Yadav

लखनऊ। आगामी लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग को लेकर लंबे समय तक जारी अटकलों को विराम देते हुये उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस (Congress) ने बुधवार को मिल कर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। गठबंधन के तहत सपा 63 और कांग्रेस 17 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।

राजधानी लखनऊ के एक होटल में दोनो दलों की संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में बुधवार को यह घोषणा की गयी जिसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी मौजूद थे।

श्री पटेल ने बताया कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें है और गठबंधन के तहत कांग्रेस प्रयागराज, देवरिया, अमेठी, कानपुर नगर, वाराणसी, मथुरा, सहारनपुर, सीतापुर, गाजियाबाद, फतेहपुर सीकरी, बासगांव, महाराजगंज, रायबरेली, झांसी, बुलंदशहर, अमरोहा और बाराबंकी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेगी जबकि अन्य 63 सीटों पर सपा के उम्मीदवार चुनाव मैदान में होंगे।

उन्होने बताया कि गठबंधन के तहत कांग्रेस मध्य प्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट सपा को देगी जबकि अन्य में सपा के लोग कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करेंगे।

सपा के प्रमुख प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि यूपी से ही भाजपा केंंद्र की सरकार 2014 में आयी थी और यूपी के जरिये ही 2024 में केंद्र की सत्ता से जायेगी। देश के हालात बहुत खराब है। किसान सडकों पर है, नौजवान बेराेजगार हैं। समाज के सभी वर्ग विगत दस वर्षो से भाजपा की कुनीतियों और अन्याय का शिकार रहा है।

कांग्रेस के यूपी प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि भारत को बचाने के लिये इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती से चुनाव मे उतरेगा। मतदाता को कर्तव्य है कि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकार का पालन इमानदारी और निष्पक्षता के साथ करेंगे।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भारतीय संविधान खतरे में है। उसे बचाना और लोकतंत्र की स्वस्थ परंपराओं को ताकत देना जनता के हित में है।

Exit mobile version