राजस्थान के जालोर जिले में गुरुवार को एक पत्थर की खदान ढहने से बड़ा हादसा हो गया। भीनमाल थाना क्षेत्र के भादरड़ा गांव में खदान का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में धनवाड़ा निवासी विक्रम सिंह की मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं खुशपाल सिंह, पारसमल मेघवाल और एक महिला घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
हादसे में पास में खड़ा एक ट्रैक्टर भी मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
