24 घण्टे ऑनलाइन

मातम में बदली बर्थडे पार्टी, 7वीं के छात्र की गोली लगने से मौत

लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में एक बर्थडे पार्टी मातम में बदल गई। सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र उनैज की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत (Shot Dead) हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और…

24GhanteOnline
March 3, 2026
2 min read

लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में एक बर्थडे पार्टी मातम में बदल गई। सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र उनैज की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत (Shot Dead) हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस प्रशासन के सुरक्षा दावों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतक उनैज सरोजिनी नगर निवासी जमीर खान का बेटा था। जमीर खान पेशे से बिजली की दुकान चलाते हैं। परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम उनैज के कुछ दोस्त उसे घर से बुलाने आए थे। दोस्तों ने बताया कि वे पास ही में एक जन्मदिन की पार्टी मनाने जा रहे हैं। शाम करीब 6:30 बजे परिजनों के पास एक कॉल आई, जिसने उनके पैरों तले जमीन खिसका दी। उन्हें बताया गया कि पार्टी के दौरान गोली चल गई है और उनैज को गंभीर चोट आई है।

मृतक के पिता जमीर खान ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनके बेटे को साजिशन बुलाया गया था। पिता के अनुसार- मेरे बेटे को उसके दोस्त संजीव त्रिपाठी किसी भतीजे की बर्थडे पार्टी में ले गए थे। लोग खुद उसे लेने घर आए थे और वहां उसके सिर में गोली मारी गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। डीसीपी (मध्य) निपुण अग्रवाल ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला एक्सीडेंटल फायर (अनजाने में चली गोली) का लग रहा है। पुलिस के अनुसार, पार्टी में मौजूद चारों लड़के नाबालिग थे। खेलते समय या किसी लापरवाही के चलते अवैध असलहे से गोली चल गई, जो सीधे उनैज को जा लगी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पार्टी में मौजूद उनैज के तीनों नाबालिग दोस्तों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि असलहा किसका था और वह वहां तक कैसे पहुंचा।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें