24 घण्टे ऑनलाइन

CM धामी ने पवाणी गांव पहुंचकर अग्निकांड प्रभावित परिवारों से की मुलाकात, साझा किया उनका दुःख-दर्द

November 26, 2026
4 min read
CM धामी ने पवाणी गांव पहुंचकर अग्निकांड प्रभावित परिवारों से की मुलाकात, साझा किया उनका दुःख-दर्द

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद उत्तरकाशी की मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और भीषण अग्निकांड से हुई क्षति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा सुनी तथा प्रत्येक पीड़ित से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और अपेक्षाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और प्रत्येक प्रभावित परिवार को इस संकट से उबारने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड में हुए नुकसान का विस्तृत एवं वास्तविक आकलन किया जाए तथा प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के साथ उनकी जरूरतों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पवाणी गांव की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य जरूरी विकास कार्य भी किए जाएंगे, लेकिन वर्तमान में सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता अग्निकांड प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनके जीवन को फिर से सामान्य बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सबसे पहले प्रभावित परिवारों के रहने के लिए सुरक्षित और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सर्दी का मौसम होने तथा क्षेत्र में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे किसी भी परिवार को प्रतिकूल मौसम में कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निकांड में ग्रामीणों के घरों के साथ ही वहां सुरक्षित रखा गया छह माह का राशन भी नष्ट हो गया है। ऐसे में प्रभावित परिवारों के सामने खाद्यान्न की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए आगामी छह माह के राशन की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राशन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही प्रभावित परिवारों की अन्य दैनिक आवश्यकताओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

बच्चों की शिक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए कहा कि इस आपदा के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकतानुसार विद्यालय की व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा निरंतर जारी रह सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों के बच्चों, माताओं-बहनों और बुजुर्गों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुःखद घटना में जिन परिवारों ने अपने आशियाने और जीवनभर की जमा पूंजी खोई है, उनकी पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। सरकार का एक-एक अधिकारी, प्रशासन और पूरा सरकारी तंत्र प्रभावित बच्चों, माताओं-बहनों, बुजुर्गों और प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। यह केवल आर्थिक सहायता देने का विषय नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करने, उनके जीवन में विश्वास और उम्मीद लौटाने तथा उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रभावित परिवार को स्वयं को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह लगातार जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक श्री दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे। वह निरंतर घटनाक्रम की जानकारी ले रहे थे तथा अधिकारियों को राहत एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा-निर्देश दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावितों को समय पर सहायता पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है और इस दिशा में सभी संबंधित विभाग पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

इस अवसर पर विधायक दुर्गेश्वर लाल एवं ग्रामीणों ने अग्निकांड की घटना का तत्काल संज्ञान लेने, लगातार स्थिति की जानकारी लेने तथा प्रभावित परिवारों तक शीघ्र राहत एवं सहायता पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं गांव पहुंचकर प्रत्येक पीड़ित से मुलाकात करने और उनकी समस्याएं सुनने पर भी आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने पुनः आश्वस्त किया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति और गांव को फिर से व्यवस्थित करने के लिए निरंतर कार्य करेगी। दुःख की इस घड़ी में सरकार हर कदम पर उनके साथ है।

इस अवसर पर विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें