24 घण्टे ऑनलाइन

मंत्री राजभर के आवास के बाहर ABVP का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प में कई हिरासत में

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार देर रात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन बाराबंकी के श्रीराम स्वरूप…

24GhanteOnline
September 4, 2025
2 min read

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार देर रात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन बाराबंकी के श्रीराम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी (SRMU) में सोमवार को हुए पुलिस लाठीचार्ज और मंत्री की कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में किया गया।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने मंत्री राजभर और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस बीच पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया। प्रदर्शन की वजह से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

क्या है मामला?


बाराबंकी स्थित रामस्वरूप यूनिवर्सिटी में सोमवार को ABVP कार्यकर्ताओं और छात्रों ने LLB कोर्स की मान्यता और कथित अवैध वसूली के खिलाफ प्रदर्शन किया था। आरोप है कि विश्वविद्यालय 2022 से बिना बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) की अनुमति के लॉ कोर्स चला रहा है, जिससे छात्रों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें 24 से ज्यादा छात्र घायल हो गए। कई छात्रों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें मेयो अस्पताल व जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने न केवल बर्बर लाठीचार्ज किया बल्कि विश्वविद्यालय प्रशासन के इशारे पर बाहरी लोगों ने भी उन पर हमला किया।
मंत्री राजभर की टिप्पणी पर गुस्सा

छात्रों का गुस्सा उस वक्त और बढ़ गया जब कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कथित तौर पर घायल छात्रों को लेकर विवादित बयान दिया। राजभर ने कहा था कि ABVP के गुंडों पर पुलिस ने सही लाठी चलाई। इस बयान के बाद ABVP कार्यकर्ताओं ने मंत्री के आवास के बाहर पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।

ABVP के अवध प्रांत सचिव पुष्पेंद्र बाजपेई ने चेतावनी दी कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती और घायल छात्रों को न्याय नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। गेट पर चढ़कर नारेबाजी करने की कोशिश कर रहे छात्रों को रोकने के दौरान पुलिस और ABVP कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर कई छात्रों को हिरासत में लिया और ईको गार्डन भेज दिया।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें