24 घण्टे ऑनलाइन

प्रदेश सरकार किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगी: एके शर्मा

लखनऊ: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा (AK Sharma) ने आज हाथरस में अपने भ्रमण के दौरान रामलीला मैदान में आयोजित ऐतिहासिक कंस वध एवं श्रीकृष्ण-बलराम प्रस्थान लीला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभाग किया।…

24GhanteOnline
November 16, 2025
3 min read

लखनऊ: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा (AK Sharma) ने आज हाथरस में अपने भ्रमण के दौरान रामलीला मैदान में आयोजित ऐतिहासिक कंस वध एवं श्रीकृष्ण-बलराम प्रस्थान लीला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभाग किया। हाथरस की यह लीला परंपरा पूरे ब्रज क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंत्री श्री शर्मा के आगमन पर आयोजकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसके बाद कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरागत विधि-विधान के साथ हुआ।

अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा (AK Sharma) ने 135 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रही इस अद्भुत और भव्य कृष्ण लीला परंपरा की दिल से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हाथरस का यह सांस्कृतिक आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ब्रज संस्कृति की आत्मा का जीवंत स्वरूप है।

उन्होंने (AK Sharma) कहा कि आज ही के दिन द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण और बलराम अपने साथियों और सेना के साथ अत्याचारी कंस का वध करने के लिए मथुरा की ओर प्रस्थान किए थे, और उसी पावन स्मृति को संजोए हुए हाथरस में यह लीला अनवरत रूप से 135 वर्षों से आयोजित की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि हाथरस ब्रज क्षेत्र का अभिन्न अंग है और यहाँ की मिट्टी में राधा-कृष्ण की लीलाओं का दिव्य स्पंदन आज भी महसूस किया जा सकता है।

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने (AK Sharma) ऊर्जा एवं नगर विकास से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को पारदर्शी, सुरक्षित और आधुनिक विद्युत सेवाएँ उपलब्ध हों। इसी क्रम में उन्होंने जनता से स्मार्ट बनने और अपने घरों में स्मार्ट मीटर अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप एक आधुनिक तकनीक है, जो बिजली वितरण को अधिक सटीक, पारदर्शी और उपभोक्ता हितों के अनुकूल बनाती है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे स्मार्ट मीटरों को अपनाकर प्रदेश सरकार की ऊर्जा सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान दें।

इस अवसर पर उन्होंने (AK Sharma) अधिकारियों को भी स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि स्मार्ट मीटरों से संबंधित यदि कहीं भी कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो उसकी गहनता से जाँच की जाए और उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। मंत्री श्री शर्मा ने जोर देकर कहा कि प्रदेश सरकार किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगी, और हर उपभोक्ता को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्बाध एवं गुणवत्तायुक्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बिजली से संबंधित शिकायतें यदि किसी भी स्तर पर लंबित हैं, तो उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान सरकार की प्राथमिकता है कि ऊर्जा विभाग की कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार किया जाए और उपभोक्ता संतुष्टि को सर्वोच्च महत्व दिया जाए।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें