24 घण्टे ऑनलाइन

जब तक शरीर में खून की एक भी बूंद तब तक इस मिट्टी के लिए संघर्ष करते रहेंगे: एके शर्मा

लखनऊ: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा (AK Sharma) ने मऊ भ्रमण के दौरान उसुरी कुटी, मधुबन में संत शिरोमणि श्री रविदास जी की जयंती पखवाड़ा के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी…

24GhanteOnline
February 5, 2026
3 min read
जब तक शरीर में खून की एक भी बूंद तब तक इस मिट्टी के लिए संघर्ष करते रहेंगे: एके शर्मा

लखनऊ: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा (AK Sharma) ने मऊ भ्रमण के दौरान उसुरी कुटी, मधुबन में संत शिरोमणि श्री रविदास जी की जयंती पखवाड़ा के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत समाज, स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंत्री श्री शर्मा ने संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा (AK Sharma) ने कहा कि संत शिरोमणि श्री रविदास जी अत्यंत विलक्षण संत थे, जिनके विचारों को पूरा देश नमन करता है। उन्होंने समाज में व्याप्त बड़े-बड़े आडंबरों और अंधविश्वासों को नकारते हुए मानवता, समानता और आत्मशुद्धि का मार्ग दिखाया। “मन चंगा तो कठौती में गंगा” जैसे उनके विचार आज भी प्रत्येक व्यक्ति को आत्मचिंतन और सदाचार की प्रेरणा देते हैं।मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि संत रविदास जी का यह संदेश था कि ईश्वर को खोजने के लिए कहीं बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि ईश्वर हमारे भीतर ही विद्यमान है। यदि मन स्वच्छ, निर्मल और पवित्र हो तो उसी के माध्यम से ईश्वर का साक्षात्कार किया जा सकता है। उनके विचार समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे और समरसता को मजबूत करने वाले हैं।

श्री शर्मा (AK Sharma) ने कहा कि उसुरी कुटी के समग्र विकास के लिए वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत का प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रक्रियाधीन है, जिसकी स्वीकृति शीघ्र प्राप्त हो जाएगी। इससे इस पावन स्थल का सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार एवं श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।मंत्री श्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मऊ जनपद एवं मधुबन क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर गति पकड़ रहे हैं। विद्युत सब स्टेशन की स्थापना, डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण, घाटों का विकास सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं और आने वाले समय में और भी विकास कार्य किए जाएंगे।

मंत्री श्री एक शर्मा (AK Sharma) ने मुखर होते हुए कहा कि पूर्व में मऊ का विकास ठहर सा गया था, कई ऐसे कार्य थे जो समय पर हो सकते थे लेकिन नहीं हुए। अब सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ रुके हुए सभी विकास कार्यों को पूर्ण कर रही है। मंत्री श्री शर्मा ने भावुक शब्दों में कहा कि जब तक शरीर में खून की एक बूंद भी है, तब तक इस मिट्टी के लिए संघर्ष करते रहेंगे और मऊ का विकास करके दिखाएंगे।

मंत्री श्री शर्मा (AK Sharma) ने यह भी कहा कि विद्युत क्षेत्र में संरचनात्मक सुधार किए गए हैं और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इसके साथ ही शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन एवं अन्य क्षेत्रों में भी संतुलित और सतत विकास का कार्य लगातार जारी है।

इस अवसर पर भोलाराम, अखिलेश कुमार, चेयरमैन नगर पालिका परिषद (मधुबन) श्रीमती आरती मल्ल, पूर्व चेयरमैन शंकर मद्धेशिया, पूर्व जिलाध्यक्ष हौसला उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें