24 घण्टे ऑनलाइन

इस उपकेंद्र के निर्माण से बीस हजार लोग होंगे लाभान्वित: एके शर्मा

लखनऊ: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा (AK Sharma) ने आज जनपद बांदा में स्थापित 33/11 के0वी0 क्षमता के नवीन विद्युत उपकेंद्र का लखनऊ कैम्प कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि…

24GhanteOnline
October 6, 2025
2 min read

लखनऊ: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा (AK Sharma) ने आज जनपद बांदा में स्थापित 33/11 के0वी0 क्षमता के नवीन विद्युत उपकेंद्र का लखनऊ कैम्प कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक नागरिक को सुचारु, स्थायी और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध हो। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इस उपकेंद्र के निर्माण से आस पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। उपभोक्ताओं को अब कम वोल्टेज, ट्रिपिंग और अघोषित कटौती जैसी परेशानियों से मुक्ति मिलेगी,साथ ही क्षेत्र के उद्योगों, शैक्षणिक संस्थानों और घरेलू उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ होगा। उन्होंने कहा कि इस उपकेंद्र को जनपद बांदा की बढ़ती आबादी और उनके भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूर्ण करने के लिए बनाया गया है, इस उपकेन्द्र से जनपद के लगभग बीस हजार उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।

ऊर्जा मंत्री (AK Sharma) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सभी के लिए बिजली” और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “ऊर्जा आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश” के विज़न को साकार करने की दिशा में विभाग निरंतर काम कर रहा है। प्रदेश के हर जिले में विद्युत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए नए उपकेंद्रों की स्थापना, जर्जर लाइनों का प्रतिस्थापन, और ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

उन्होंने (AK Sharma) कहा कि सरकार का फोकस केवल बिजली उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि क्वालिटी पावर देना भी है ताकि उद्योग, व्यवसाय और कृषि सभी क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि जनपद बांदा के लिए यह नया उपकेंद्र स्थानीय मांग और बढ़ते लोड को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिससे आने वाले वर्षों में भी क्षेत्र की जरूरतें पूरी की जा सकेंगी।

श्री शर्मा (AK Sharma) ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपकेंद्र के संचालन और रखरखाव में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और उपभोक्ता संतुष्टि को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। अब समय है कि बिजली विभाग सेवा भाव से काम करने वाला विभाग बने, जहां हर उपभोक्ता को समयबद्ध समाधान और बेहतर सुविधा मिले।

वर्चुअल लोकार्पण के दौरान कार्यक्रम स्थल बांदा में सदर विधायक बांदा श्री प्रकाश द्विवेदी, जिलाध्यक्ष श्री कल्लू राजपूत, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मालती वासु, ब्लॉक प्रमुख स्वर्ण सिंह, रविंदर गर्ग एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा विभागीय अधिकारी, सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें