24 घण्टे ऑनलाइन

बाबा के दरबार से कान्हा और कान्हा के दरबार से बाबा को भेजा गया उपहार

वाराणसी/लखनऊ : डबल इंजन सरकार की भावना के अनुरूप देश में आस्था का सम्मान और सनातन का मान बढ़ रहा है। इसी क्रम में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा श्री कृष्ण जन्मस्थान मथुरा के साथ नवीन सनातन नवाचार प्रारंभ किया…

24GhanteOnline
March 8, 2025
3 min read

वाराणसी/लखनऊ : डबल इंजन सरकार की भावना के अनुरूप देश में आस्था का सम्मान और सनातन का मान बढ़ रहा है। इसी क्रम में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा श्री कृष्ण जन्मस्थान मथुरा के साथ नवीन सनातन नवाचार प्रारंभ किया गया है। इसके अंतर्गत होली पर्व के अवसर पर रंगभरी एकादशी से पहले श्री काशी विश्वनाथ धाम से भगवान विश्वनाथ (Baba Vishwanath) द्वारा श्री कृष्ण जन्मस्थान मथुरा में विराजमान लड्डू गोपाल को उपहार तथा श्री कृष्ण जन्मस्थान मथुरा से भगवान लड्डू गोपाल द्वारा श्री काशी विश्वनाथ जी को भी समारोहपूर्वक भेंट प्रेषित की गई है। श्री काशी विश्वनाथ (Baba Vishwanath) महादेव की प्रेरणा से उत्पन्न हुए इस नवाचार के क्रियान्वयन हेतु मंदिर न्यास के अधिकारियों ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान के अधिकारियों से बातचीत की, जिसका वहां के अधिकारियों ने भी स्वागत किया।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास व श्री कृष्ण जन्मस्थान मथुरा के पदाधिकारियों संग हुई थी वार्ता


श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण ने श्री कृष्ण जन्मस्थान मथुरा के सचिव कपिल शर्मा और गोपेश्वर चतुर्वेदी से बातचीत की थी, जिसका वहां के अधिकारियों ने भी सहर्ष स्वागत एवं समर्थन किया था। इसी क्रम में शनिवार को विधि विधान पूर्वक उपहार की समस्त सामग्री श्री विश्वेश्वर को अर्पित करने के उपरांत साज-सज्जा और धूमधाम से मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी निखिलेश कुमार मिश्र, डिप्टी कलेक्टर- शंभू शरण, विशेषकार्याधिकारी- उमेश कुमार सिंह, नायब तहसीलदार- मिनी एल शेखर समेत समस्त कार्मिकों की सहभागिता से भगवान श्री लड्डू गोपाल के लिए होली के शुभ अवसर पर उपहार सामग्री प्रेषित की गई। इसी प्रकार मथुरा में श्री कृष्ण जन्मस्थान से आज ही श्री विश्वेश्वर महादेव को अर्पित उपहार भी रवाना किए गए हैं।

दोनों तीर्थस्थलों के मध्य समन्वय व श्रद्धा का आदान-प्रदान अभिनव पहल


मथुरा और काशी मोक्षदायिनी नगरी हैं। इन दोनों तीर्थस्थलों के बीच समन्वय और श्रद्धा का आदान-प्रदान अभिनव पहल है, जिसे इस वर्ष के रंगभरी एकादशी और होली पर्व में सम्मिलित किया जाएगा। इस उपहार आदान-प्रदान के साथ दोनों धामों के भक्तों को विशेष रूप से भगवान लड्डू गोपाल के रूप में बाल स्वरूप के भगवान और बाबा विश्वनाथ से आशीर्वाद प्राप्त होगा। दोनों पवित्र स्थलों से उपहार भेजते तथा स्वीकार करते समय समारोहपूर्वक उत्सव भी आयोजित किया जाएगा।

मथुरा से प्राप्त भेंट सामग्री को रविवार सुबह बाबा विश्वनाथ (Baba Vishwanath) से अवलोकित कराया जाएगा


श्री काशी विश्वनाथ धाम में मथुरा से प्राप्त भेंट सामग्री को रविवार (9 मार्च) को प्रातः 6.30 बजे समारोहपूर्वक ग्रहण कर भगवान विश्वनाथ (Baba Vishwanath) तथा मथुरा में श्री कृष्ण जन्मस्थान में रविवार को ही काशी से प्राप्त उपहार सामग्री को प्रातः 9 बजे समारोह पूर्वक स्वीकार कर भगवान लड्डू गोपाल को अवलोकित कराया जाएगा। उपहार में प्राप्त प्रसाद सामग्री का वितरण दोनों धाम में श्रद्धालुओं को किया जाएगा।

श्री कृष्ण जन्मस्थान मथुरा से प्राप्त रंग अबीर गुलाल का प्रयोग रंगभरी एकादशी तथा होली के पर्व पर भगवान विश्वनाथ को अर्पित करने में किया जाएगा। इसी प्रकार श्री काशी विश्वनाथ धाम से श्री कृष्ण जन्मस्थान मथुरा को प्रेषित सामग्री का प्रयोग रंगभरी एकादशी एवं होली पर्व पर भगवान लड्डू गोपाल की होली में किया जाएगा।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें