24 घण्टे ऑनलाइन

केदारनाथ धाम पहुंचे राज्यपाल, श्रद्धालुओं से संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं का लिया फीडबैक

रुद्रप्रयाग। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) (Governor Gurmeet Singh) शनिवार को केदारनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं, पुनर्निर्माण कार्यों और श्रद्धालुओं को…

24GhanteOnline
May 9, 2026
3 min read

रुद्रप्रयाग। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) (Governor Gurmeet Singh) शनिवार को केदारनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं, पुनर्निर्माण कार्यों और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विश्व कल्याण, मानवता की समृद्धि और उत्तराखंड के सतत विकास की कामना की।

राज्यपाल (Governor Gurmeet Singh) ने अत्यंत कम समय में बाबा केदार के दर्शन किए, जिससे श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई। प्रशासन की ओर से दर्शन प्रक्रिया को बिना रोके सुचारू रूप से संचालित किया गया, जिस पर राज्यपाल ने संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की सराहना की।

धाम भ्रमण के दौरान राज्यपाल (Governor Gurmeet Singh) ने विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव और फीडबैक प्राप्त किए। श्रद्धालुओं ने यात्रा मार्ग, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और दर्शन व्यवस्था पर संतोष जताया।

राज्यपाल (Governor Gurmeet Singh) ने कहा कि बाबा केदार के दर्शन आध्यात्मिक अनुभूति और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस, स्थानीय लोग, स्वयंसेवी संस्थाएं और सेवा से जुड़े लोग पूरे वर्ष समर्पित भाव से कार्य करते हैं। राज्यपाल ने श्रद्धालुओं और आमजन से केदारनाथ धाम सहित पूरे चारधाम क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पावन भूमि आध्यात्मिक ऊर्जा, शांति और स्वच्छता का प्रतीक है तथा इसकी पवित्रता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने यात्रा से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और सेवा दलों से “अतिथि देवो भव” की भावना के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया। राज्यपाल ने कहा कि स्वच्छ और सुव्यवस्थित धाम श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव देने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी इसकी गरिमा सुरक्षित रखता है।

राज्यपाल (Governor Gurmeet Singh) ने धाम में संचालित पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने श्रद्धालुओं से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित वस्तुओं की खरीद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की आर्थिकी और सांस्कृतिक पहचान से भी जुड़ी हुई है तथा इससे स्थानीय व्यापारियों और लोगों को आर्थिक लाभ मिलता है।

इस अवसर पर केदार सभा के महामंत्री राजेंद्र प्रसाद तिवारी, वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित उमेश चन्द्र पोस्ती, विनीत पोस्ती, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर और यात्रा मजिस्ट्रेट कृष्णा त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।