24 घण्टे ऑनलाइन

शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु राष्ट्रीय शैक्षिक महँसघ ने दिया बीएसए को ज्ञापन

सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ सिद्धार्थनगर के जिलाध्यक्ष आदित्य शुक्ल के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के त्वरित समाधान की संगठन ने माँग की है। संगठन ने कहा…

24GhanteOnline
August 27, 2025
3 min read

सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ सिद्धार्थनगर के जिलाध्यक्ष आदित्य शुक्ल के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के त्वरित समाधान की संगठन ने माँग की है। संगठन ने कहा कि विगत कई माह से दिए गए ज्ञापनों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है तथा अधिकांश समस्याएँ अभी भी लंबित हैं, जिससे शिक्षकों में गहरा असंतोष व्याप्त है। महिला शिक्षिकाओं के सी०सी०एल० अवकाश को शासनादेश के विपरीत अस्वीकृत किए जाने पर महासंघ ने कड़ा ऐतराज जताया है। संगठन का कहना है कि विशेष परिस्थितियों को छोड़कर शिक्षिकाओं द्वारा आवेदित अवकाश को अनावश्यक रूप से अस्वीकार करना या लंबित रखना महिला अधिकारों के विरुद्ध है। वहीं, कुछ मामलों में भ्रष्टाचारवश एक ही शिक्षिका को बार-बार सी०सी०एल० का लाभ दिया गया है। महासंघ ने इस पर कठोर कार्यवाही की माँग की।
इसके अतिरिक्त संगठन ने एक दिन की अनुपस्थिति पर चिकित्सा अवकाश स्वीकृत न किए जाने पर चिंता व्यक्त की। खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा इस अवकाश को अस्वीकार करना नियमों के प्रतिकूल बताया गया। संगठन ने माँग की कि जिला स्तर से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएँ ताकि शिक्षक अनावश्यक भागदौड़ और भ्रष्टाचार से बच सकें।
महासंघ ने यह भी कहा कि अवकाश शेष होने की स्थिति में भी एक दिन की अनुपस्थिति को अनधिकृत दिखाकर शिक्षकों से स्पष्टीकरण लिया जा रहा है तथा उन्हें अपमानजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने आग्रह किया कि महानिदेशक द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में अनुपस्थिति अवधि को अवशेष अवकाश में समायोजित किया जाए।
मध्याह्न भोजन योजना एवं हाट कुक्ड योजना से संबंधित समस्याओं पर भी संगठन ने गंभीर चिंता जताई। अप्रैल 2025 से अब तक रसोइयों का मानदेय, विद्यालयों का खाद्यान्न एवं कन्वर्जन कॉस्ट उपलब्ध नहीं कराया गया है। फल एवं सप्लीमेंट्री न्यूट्रीशन की धनराशि भी विद्यालयों को प्राप्त नहीं हुई। संगठन ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी विद्यालयों में जाकर धन उगाही कर रहे हैं। संगठन ने खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार के विरुद्ध दर्ज शिकायत की जाँच शीघ्र पूर्ण कर निष्पक्ष कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा जाँच आख्या शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराने की माँग की है। साथ ही 15,000 भर्ती शिक्षकों की वेतन विसंगति और 12,460 भर्ती के एरियर भुगतान को भी तत्काल हल करने की माँग की। महासंघ के संज्ञान में यह भी आया है कि कुछ खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा बिना किसी आदेश के शिक्षकों का वेतन बाधित/कटौती किया जा रहा है। इस पर संगठन ने वित्त एवं लेखाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्पष्ट किया कि शासनादेश के विपरीत किसी शिक्षक का वेतन बाधित या कटौती नहीं होना चाहिए। महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि शिक्षकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने शीघ्र ही समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया और ये भी कहा कि 12460 भर्ती के कुछ शिक्षकों का एरियर आदेश कल तक आ जाएगा ,सत्यापित होने पर शीघ्र ही सबका एरियर निर्गत किया जाएगा।
ज्ञापन प्रेषण कार्यक्रम में जिला महामंत्री पंकज त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष अभय सिंह, उपाध्यक्ष मनोज त्रिपाठी, उपाध्यक्ष जे पी गुप्ता, अंजनी झा, सुरेंद्र गुप्ता, संगीत शुक्ल, अरुण चतुर्वेदी उपस्थित रहे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें