24 घण्टे ऑनलाइन

मंगलवार से 30 अप्रैल तक फैम ट्रिप कराएगा यूपी ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड

लखनऊ : उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। घरेलू पर्यटन के मामले में ‘योगी का यूपी’ देश में पहले स्थान पर है। विदेशी पर्यटकों के आगमन में भी प्रदेश अग्रणी बने, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे…

24GhanteOnline
April 20, 2025
3 min read

लखनऊ : उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। घरेलू पर्यटन के मामले में ‘योगी का यूपी’ देश में पहले स्थान पर है। विदेशी पर्यटकों के आगमन में भी प्रदेश अग्रणी बने, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार से 30 अप्रैल तक उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड ( Eco Tourism Development Board) की पहल पर विशेष फैमिलियराइजेशन ट्रिप (फैम ट्रिप) का आयोजन किया जा रहा है। इसमें मेजबान भारत सहित यूके, यूएस, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख पर्यटन व्यवसायियों का प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश भ्रमण पर रहेगा। ट्रेवल कंपनियों के प्रतिनिधि चंबल सफारी से काशी आदि स्थानों पर भी जाएंगे।

योगी सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह ट्रिप विदेशी टूर ऑपरेटरों को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों से परिचित कराने और उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। प्रतिनिधिमंडल चंबल सफारी से काशी तक की यात्रा में प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन करेंगे।

इत्र निर्माण पर आधारित विशेष वर्कशॉप में भी लेंगे हिस्सा


यूके, यूएस, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया की प्रमुख ट्रैवल कंपनियों के प्रतिनिधियों का दल 22 अप्रैल से यूपी के दौरे पर आ रहा है। इस दल के भ्रमण की शुरुआत आगरा से होगी, जहां प्रतिनिधि बटेश्वर और चंबल सफारी का अनुभव लेंगे। इसके बाद यह दल कन्नौज पहुंचकर इत्र निर्माण पर आधारित विशेष वर्कशॉप में हिस्सा लेगा। कन्नौज की विश्व प्रसिद्ध इत्र परंपरा और उसकी बारीकियों को जानने का मौका प्रतिनिधियों को मिलेगा।

अंत में काशी जाएगा दल


यह दल दुधवा नेशनल पार्क, पीलीभीत टाइगर रिजर्व और कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य का भ्रमण करते हुए राजधानी लखनऊ पहुंचेगा। यहां वे ऐतिहासिक स्थलों के साथ-साथ लखनऊ की मशहूर चिकनकारी और प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद लेंगे।

लखनऊ के बाद प्रतिनिधियों को प्रयागराज की फैम ट्रिप कराई जाएगी, जहां वे संगम तट, ऐतिहासिक स्थलों और प्रसिद्ध फार्म स्टे प्लांटर्स बंग्लो का दौरा करेंगे। अंत में यह दल काशी पहुंचेगा, जहां वे काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन, गंगा आरती, वाराणसी की सुबह, स्थानीय आर्ट एंड क्राफ्ट और पारंपरिक व्यंजनों का लुत्फ उठाएंगे।

उत्तर प्रदेश में ईको टूरिज्म (Eco Tourism) की असीमित संभावनाएं


श्री सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में ईको टूरिज्म (Eco Tourism) की असीमित संभावनाएं हैं, जिसे धरातल पर उतारा जा रहा है। ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड राज्य के नैसर्गिक सौंदर्य को वैश्विक फलक पर पहुंचाने के लिए प्रयत्नशील है। इसी क्रम में विभिन्न देशों की फैम ट्रिप कराई जा रही है।

इस दल में पर्यटन व्यवसायियों के साथ ट्रैवल राइटर्स को भी शामिल किया गया है। प्रतिनिधि उत्तर प्रदेश के प्रमुख ईको टूरिज्म स्थलों का भ्रमण कर अपनी रिपोर्ट्स, लेखों एवं सोशल मीडिया पोस्ट्स के माध्यम से प्रदेश के प्राकृतिक आकर्षणों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचा रहे हैं। यह पहल राज्य के पर्यटन उद्योग को नया आयाम देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें