Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

यूपी कॉलेज में खूनी खेल: छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, कैंपस में भारी तनाव

Murder

Murder

उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के भोजुबीर स्थित उदय प्रताप महाविद्यालय (यूपी काॅलेज) परिसर में शुक्रवार को एक छात्र की गोली मारकर हत्या (Murder) कर दी गई। सूचना पाकर शिवपुर थाना पुलिस के साथ पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिवहरि मीणा सहित अन्य अफसर फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गाेली मारने वाला आराेपित इसी काॅलेज का छात्र है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिवहरि मीणा ने बताया कि गाजीपुर जिले के रहने वाला सूर्य प्रताप सिंह (23) कॉलेज के छात्रावास में रहकर बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। वह छात्रसंघ अध्यक्ष पद के चुनाव की तैयारी भी कर रहा था। पूछताछ में पता चला है कि छात्र सूर्य प्रताप शुक्रवार सुबह 11 बजे के आसपास काॅलेज परिसर स्थित कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के बरामदे में खड़ा था। इसी दौरान हमलावर छात्र वहां पहुंचा और सूर्य प्रताप पर ताबड़ताेड़ गोलियां बरसा दी। फायरिंग की आवाज सुनकर छात्र एकत्र हाेने लगे ताे आराेपित पिस्टल काे वही पास में एक कूड़े के ढेर पर फेंक कर भाग निकला। गंभीर रूप से घायल सूर्य प्रताप को इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

उधर, घटना से नाराज छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट को बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप है कि प्राचार्य के सामने फायरिंग की गई है। आक्रोशित छात्रों ने परिसर में तोड़फोड़ भी की। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियाें ने आराेपित पर कड़ी कार्रवाई का भराेसा देकर आक्राेशित छात्र-छात्राओं काे शांत कराया है। पुलिस ने छात्रों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि छात्र के शरीर में करीब आठ जगह गोलियां लगी हैं।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिवहरि मीणा ने बताया कि काॅलेज परिसर में एक छात्र की हत्या कर दी गई है। हत्या करने वाला भी इसी काॅलेज का छात्र बताया गया है। घटना के बाद से वह फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गई। सुरक्षा की दृष्टि से काॅलेज पर पुलिस बल काे तैनात किया गया है।

Exit mobile version