नोएडा। यूपी के नोएडा और गाजियाबाद में मंकीपॉक्स (Monkeypox) के संदिग्ध मिले हैं। नोएडा की एक महिला और गाजियाबाद के दो लोगों में मंकीपॉक्स के लक्षण देखे गए हैं। जिसके बाद तीनों के सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है। संदिग्धों को आइसोलेशन में रखा गया है। दिल्ली में मंकीपॉक्स (Monkeypox) का मरीज पहले ही सामने आ चुका है।
जानकारी के मुताबिक, नोएडा में रहने वाली 47 साल की महिला ने स्वास्थ्य विभाग संपर्क किया। जिसके बाद महिला का सैंपल लिया गया और लखनऊ जांच के लिए भेजा गया है।
वहीं, गाजियाबाद में भी दो लोगों के सैंपल जांच के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी पुणे भेजे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही मंकीपॉक्स है या नहीं इसकी पुष्टि की जा सकेगी। वर्तमान में महिला होम आइसोलेशन में है।
देश में मंकीपॉक्स (Monkeypox) के 5 केस की पुष्टि
अभी देश में मंकीपॉक्स (Monkeypox) के 5 केस की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से तीन केरल, एक तेलंगाना और एक दिल्ली में है। दिल्ली में मिला पहला मंकीपॉक्स का मरीज लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में भर्ती है।
Monkeypox का टीका देश में बनाने की तैयारी, इस कंपनी को मिल सकता है ऑर्डर
बताया जा रहा है कि उसके त्वचा पर चकत्ते और घाव को ठीक होने में कम से कम एक हफ्ता और लगेगा। उधर, मंकीपॉक्स के केस आने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों को अलर्ट जारी किया है।
मंकीपॉक्स (Monkeypox) के लक्षण क्या हैं
मंकीपॉक्स (Monkeypox) इंसानों को होने वाले चेचक की तरह होता है। इसकी पहली स्टेज में संक्रमित व्यक्ति में लक्षण दिखने लगते हैं। इसमें लक्षण अपर रेस्पिरेटरी सिस्टम से जुड़े होते हैं, इसमें बुखार की तरह महसूस होता है। इससे शरीर में दर्द और थकान महसूस हो सकती है। फिर दूसरे चरण में स्किन पर कहीं कहीं गांठ दिखती हैं। इसके बाद शरीर के कुछ हिस्सों में चकत्ते और फिर यही चकत्ते बडे़ दाने में बढ़ जाते हैं।