Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

शिक्षक बनने का सपना होगा पूरा, जानें कहां निकलेगी बड़ी भर्ती

Teacher Recruitment

Teacher Recruitment

बिहार में शिक्षक भर्ती (Teacher Recruitment) के चौथे चरण (BPSC TRE-4) का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। शिक्षा विभाग ने भर्ती से संबंधित प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग को भेज दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास है, ऐसे में अब इस प्रक्रिया को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद भर्ती का आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने की उम्मीद बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, TRE-4 के जरिए करीब 30 हजार शिक्षक पदों पर नियुक्ति की तैयारी की जा रही है। इनमें प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में रिक्तियां शामिल होंगी। प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 के लिए लगभग 4 हजार पद प्रस्तावित बताए जा रहे हैं।

अगस्त में जारी हो सकता है भर्ती विज्ञापन

प्रस्ताव पर सामान्य प्रशासन विभाग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगस्त के पहले सप्ताह में रिक्तियों की घोषणा हो सकती है। इसके बाद बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। संभावना है कि अगस्त के अंतिम सप्ताह तक TRE-4 का विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा।

इससे पहले शिक्षा मंत्री भी संकेत दे चुके हैं कि अगस्त के दौरान अधियाचना भेजी जाएगी। अब प्रस्ताव आगे बढ़ने के बाद अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद और मजबूत हो गई है।

सितंबर में होगी परीक्षा, नवंबर में संभावित परिणाम

बीपीएससी पहले ही शिक्षक भर्ती परीक्षा का संभावित कार्यक्रम जारी कर चुका है। आयोग के अनुसार, TRE-4 परीक्षा 22 सितंबर से 27 सितंबर के बीच आयोजित की जाएगी। परीक्षा पूरी होने के बाद नवंबर में परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है, ताकि चयन प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

आवेदन प्रक्रिया में इस बार होंगे अहम बदलाव

इस भर्ती में आवेदन प्रक्रिया पहले की तुलना में अलग होगी। बीपीएससी ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को सबसे पहले आवेदन शुल्क जमा करना होगा। शुल्क सफलतापूर्वक जमा होने के बाद ही ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने का लिंक सक्रिय होगा।

आयोग का कहना है कि पहले कई बार शुल्क भुगतान से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के कारण आवेदन प्रक्रिया प्रभावित होती थी। नई व्यवस्था का उद्देश्य ऐसी दिक्कतों को कम करना है।

इसके अलावा अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान बिहार के सभी 38 जिलों में अपनी प्राथमिकता भी दर्ज करनी होगी, जिसके आधार पर आगे की नियुक्ति प्रक्रिया संचालित की जाएगी।

Exit mobile version