बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र की साकेत कॉलोनी में शुक्रवार को एक शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिक्षिका का अपने पति से विवाद चल रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र की साकेत कॉलोनी में शुक्रवार को दो बाइक सवारों ने एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह और एसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह मौके पर पहुंचे।
पुलिस के प्रयासों से महिला की पहचान मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी शिक्षिका प्रिया शर्मा पत्नी कमल शर्मा के रूप में हुई। प्रिया शर्मा के पिता गणेश शर्मा बिजनौर की वीआईपी कॉलोनी में रहते हैं।
तीन साल पहले प्रिया की शादी हुई थी। 05 जनवरी 2021 से प्रिया का अपने पति से विवाद चल रहा था और इस समय वह अपने पिता के साथ रह रही थी। इस समय वह एक कॉलेज में शिक्षण कार्य कर रही थी। शुक्रवार सुबह भी वह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी।
पुलिस आसपास के घरों की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।