Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में मुठभेड़, एक आतंकी ढेर; AK-राइफल समेत सामान बरामद

Terrorist killed in Budgam encounter

Terrorist killed in Budgam encounter

बडगाम: जम्मू-कश्मीर के बडगाम में भारतीय सेना ने शुक्रवार को ‘ऑपरेशन अशदार’ के तहत एक आतंकवादी को मार गिराया। सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाया, जिसमें एक AK राइफल और युद्ध में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया गया।

सेना के मुताबिक, भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने बडगाम के अशदार गली इलाके में संयुक्त अभियान शुरू किया था। तलाशी के दौरान जवानों को संदिग्ध गतिविधि नजर आई। सुरक्षा बलों ने जब संदिग्धों को चुनौती दी तो आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।

इसके बाद सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आतंकवादी मारा गया। सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा बलों को पुलवामा के पाखेरपोरा से युसमर्ग की ओर आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधियों की खुफिया जानकारी मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर अशदार गली इलाके में अभियान शुरू किया गया था।

मारे गए आतंकी की पहचान अभी नहीं हो सकी है। वहीं, सुरक्षा बलों को इलाके में एक और संदिग्ध आतंकवादी के छिपे होने की आशंका है। माना जा रहा है कि वह घने जंगल का फायदा उठाकर छिपा हुआ है।

सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी है और पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। अब अभियान के दौरान सामने आने वाले सुरागों से मारे गए आतंकवादी की पहचान और उसके नेटवर्क से जुड़ी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Exit mobile version