Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

THDC Tunnel Accident: एक और शव मिला, मौत का आंकड़ा 8 पहुंचा

THDC Tunnel Accident

THDC Tunnel Accident

चमोली: मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। शनिवार को बचाव अभियान के दौरान एक और श्रमिक का शव बरामद किया गया। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। वहीं, दो श्रमिक अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश में टनल के भीतर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

रेस्क्यू टीम ने देवनाथ पुत्र धनसुराम बघेल, निवासी दहीकोंगा, छत्तीसगढ़ का शव टनल से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय गोपेश्वर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

टनल से पानी निकालने का काम जारी

टनल के भीतर जमा पानी की निकासी के लिए सक्शन पंप समेत अन्य उपकरण लगाए गए हैं। जलस्तर कम करने के साथ रेस्क्यू टीमों की आवाजाही आसान बनाने और लापता श्रमिकों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

दो श्रमिक अब भी लापता

लापता श्रमिकों की तलाश को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें अभियान में जुटी हैं। टनल के संभावित हिस्सों में लगातार खोजबीन की जा रही है और उपलब्ध संसाधनों के जरिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेज किया जा रहा है।

यूपी के 3, उत्तराखंड के 2 और छत्तीसगढ़ के 3 मजदूरों की मौत

हादसे में अब तक आठ श्रमिकों की मौत हुई है। इनमें उत्तर प्रदेश के तीन, उत्तराखंड के दो और छत्तीसगढ़ के तीन श्रमिक शामिल हैं।

प्रशासन के मुताबिक कई श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। घायलों में कुछ का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि एक श्रमिक को उपचार के बाद छुट्टी भी दी जा चुकी है। रेस्क्यू टीमों का पूरा फोकस अब टनल में फंसे दोनों लापता श्रमिकों को तलाशने पर है।

Exit mobile version