Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

सपा नेता की हत्या में पुरानी रंजिश का एंगल, हिस्ट्रीशीटर लल्ला समेत तीन हिरासत में

Pawan Yadav

Pawan Yadav

प्रयागराज: हंडिया में सपा के जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव (50) (Pawan Yadav) की हत्या की जांच में पुरानी रंजिश का एंगल सामने आया है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला समेत तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल बाइक और तमंचा भी बरामद किया गया है।

जांच के मुताबिक, लल्ला मूल रूप से भदोही का रहने वाला है और उसका पवन यादव से पुराना विवाद था। पुलिस के अनुसार, जितेंद्र को शक था कि पवन ने उसकी मुखबिरी की थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था।

बताया जा रहा है कि वारदात के समय लल्ला बाइक पर निहाल अली और बृजेश यादव के साथ था। पुलिस सूत्रों का दावा है कि गोली लल्ला ने ही चलाई। हालांकि, मामले का विस्तृत आधिकारिक खुलासा पुलिस की ओर से किया जाना बाकी है।

थाने से 500 मीटर दूर हुई वारदात

मंगलवार शाम हंडिया थाना क्षेत्र के कर्मनाशा मोहल्ले में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने पवन यादव को गोली मार दी थी। घटनास्थल हंडिया थाने से करीब 500 मीटर दूर बताया गया है।

पवन उस समय कैफे से निकलकर अपनी कार में बैठने जा रहे थे। तभी बाइक सवार बदमाश उनके पास पहुंचे और पीछे बैठे बदमाश ने बेहद करीब से फायर कर दिया। गोली उनकी पीठ में लगी।

गंभीर हालत में उन्हें कई अस्पतालों से होते हुए एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बदमाश बाइक से वाराणसी की ओर फरार हो गए।

हिस्ट्रीशीटर पर दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस जांच में सामने आया है कि जितेंद्र यादव वर्ष 2022 में हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट समेत कई गंभीर धाराओं में प्रयागराज जिले के अलग-अलग थानों में दर्जनभर से ज्यादा मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

बुधवार सुबह एसआरएन अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। सपा नेताओं और स्थानीय लोगों की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। पुलिस हिरासत में लिए गए तीनों संदिग्धों से पूछताछ कर हत्या की वजह और पूरी साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Exit mobile version