Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

मंडप कार्यक्रम में करंट से दूल्हे की मौत, मातम में बदल गईं खुशियां

हमीरपुर। मुस्करा थाना क्षेत्र में मंडप के दिन दूल्हे को बिजली का करंट लग गया। परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा ले गए। जहां पहुंचने से पूर्व दूल्हे की मौत हो गई।

मुस्करा थाना क्षेत्र के गहरौली गांव निवासी टूटिया कुशवाहा के लड़के अरविंद (22) की शादी सरीला तहसील के बरहरा गांव निवासी चुन्ना कुशवाहा की पुत्री आशा के साथ तय हुई थी। अरविंद बीए करने के बाद सूरत में एक साड़ी कंपनी में काम करते थे और मंगलवार को मंडप का कार्यक्रम था और गुरुवार को बरात जानी थी। शादी को लेकर घर में खुशियां मनाई जा रही थीं और नाते रिश्तेदार घर में मौजूद थे।

मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे दूल्हा अरविंद कूलर के पास अपनी चार वर्षीय भांजी को चारपाई पर लिटा रहे थे, तभी  उसमें उतरे करंट की चपेट में आ गया। परिवारीजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा ले गए। जहां पहुंचने से पूर्व ही रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। घटना से परिवार में खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

मृतक के छोटे भाई रमेश ने बताया कि पिता के नाम पांच बीघे जमीन है। इसमें सब्जी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। कहा कि तीन बहनों में एक की शादी हुई है। मंडप के दिन इतनी बड़ी घटना होने से शादी के घर व मोहल्ले मातम में छाया है। मां और बहनें के आंसू नहीं रूक रहे हैं। वहीं दुल्हन पक्ष के लोग भी सूचना मिलने पर आ गए हैं।

Exit mobile version