थाईलैंड की महारानी सिनीनाथा बिलासाकल्याणी (Sininatha Bilasakalyani) ने कुशीनगर पहुंचकर भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और चीवर चढ़ाया। भारत की 10 दिवसीय यात्रा पर आईं महारानी ने मुकुट बंधन चैत्य और थाई मॉनेस्ट्री में भी दर्शन किए। इस यात्रा से भारत-थाईलैंड के सांस्कृतिक और राजनयिक संबंधों को नई मजबूती मिली है।
बौद्ध आस्था और भारत थाईलैंड मित्रता का संगम आज कुशीनगर में देखने को मिला। जब थाईलैंड की महारानी चखुन फ्रा सिनीनाथा बिलासाकल्याणी (Sininatha Bilasakalyani) कुशीनगर पहुंचीं। थाईलैंड की महारानी सिनीनाथा बिलासाकल्याणी के साथ थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री बोर्नवॉर्नसाक भी मौजूद रहे। महारानी ने कुशीनगर स्थित भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की।
इस दौरान उन्होंने भगवान बुद्ध की लेटी हुई प्रतिमा पर चीवर अर्पित किया। इसके बाद महारानी तथागत बुद्ध के अंतिम संस्कार स्थल मुकुट बंधन चैत्य की परिक्रमा कर पूजा की। विशेष पूजा में थाईलैंड से आए बौद्ध अनुयायी और भिक्षु भी शामिल हुए। महारानी की सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही। यूपी पुलिस के साथ-साथ थाईलैंड की सुरक्षा एजेंसियां भी तैनात रहीं।
कुशीनगर में महारानी (Sininatha Bilasakalyani) की इस यात्रा से भारत-थाईलैंड के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूती मिली है।
