Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

नौकर ने ही की थी महिला कर्मचारी की हत्या

Murder

Murder

रायबरेली। तीन दिन पहले हुई सेवानिवृत्त महिला कर्मचारी की सनसनीखेज हत्या (Murder) के मामले में पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्या में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा हत्यारा फरार है। महिला की हत्या रुपयों की लालच को लेकर घर के नौकर ने अपने दो साथियों की मदद से की थी।

पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर के ए-87 आवास में रहने वाली सेवानिवृत्त आंगनबाड़ी सुपरवाइजर स्नेह कुमारी शुक्ला की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने नौकर संदीप कुमार और रामराज को गिरफ्तार किया है। संदीप ने अपने साथी रामराज एवं विकास कुमार के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है।

पूछताछ में पता चला है कि संदीप स्नेह कुमारी के यहां काफी समय से नौकर का कार्य कर रहा है। घटना वाले दिन उसके दोनों साथी स्नेह के यहां काम करने आए थे। उसके बाद संदीप ने दोनों को फोन करके बताया कि महिला काफी धनाढ्य है, यदि उसकी हत्या कर दी जाए तो उसके यहां काफी धन मिल सकता है। उसकी बात पर भरोसा करके दोनों लोग सीसीटीवी कैमरे से बचने के लिए छिपते-छिपाते महिला के घर पहुंचे और महिला की गला रेत कर हत्या कर दी। हालांकि तलाशी के दौरान उन्हें उसके घर से मात्र छह हजार ही मिले थे। घटना को चोरी का रूप देने के लिए हत्यारों ने सामान को बिखेर दिया था। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए मंगलवार को रामराज और संदीप कुमार को जेल भेज दिया है, जबकि फरार विकास की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version