Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

जो सच से डरते हैं, वे सच्चे पत्रकारों को गिरफ्तार करते हैं : राहुल गांधी

राहुल गांधी

राहुल गांधी

नई दिल्ली । कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष  गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने किसान आंदोलन को कवर कर रहे पत्रकारों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए सरकार पर तीखा हमला किया है। दोनो नेताओं ने रविवार को कहा कि वह सच बोलने वालों से डरती है। इसलिए उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि “जो सच से डरते हैं, वे सच्चे पत्रकारों को गिरफ्तार करते हैं।”

श्रीमती वाड्रा ने कहा कि किसान आंदोलन कवर कर रहे पत्रकारों को गिरफ्तार किया जा रहा है, उन पर मुकदमें दर्ज किए जा रहे हैं। कई जगहों पर इंटरनेट बंद कर दिया है। भाजपा सरकार किसानों की आवाज को कुचलना चाहती है लेकिन वे भूल गए हैं कि जितना दबाओगे उससे ज्यादा आवाजें आपके अत्याचार के खिलाफ उठेंगी।

भाजपा सरकार द्वारा पत्रकारों एवं जन प्रतिनिधियों को FIR कर धमकाने का चलन बहुत ही खतरनाक है। लोकतंत्र का सम्मान सरकार की मर्ज़ी नहीं बल्कि उसका दायित्व है। भय का माहौल लोकतंत्र के लिए ज़हर के समान है। भाजपा सरकार ने वरिष्ठ पत्रकारों व जन प्रतिनिधियों को धमकाने के लिए FIR करके लोकतंत्र की मर्यादा को तार-तार किया है।

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक पेज पर ट्वीट किया और कहा कि तानाशाह सल्तनत को सत्य से डर लगता है, तानाशाह सल्तनत को अहिंसा से डर लगता इसलिए तानाशाह सल्तनत का शासक निष्पक्ष पत्रकारिता पर जुल्म करता है।

पार्टी के संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा की शह पर आंदोलनकारी किसानों पर आक्रमण की पोल खोलने वाले पत्रकारों पर झूठे मामले दर्ज करके और आंदोलन की जगहों पर मोबाइल इंटरनेट बंद करके आप किसान आंदोलन को दबा नहीं पाओगे, देश की आवाज बंद नहीं कर पाओगे।

Exit mobile version