Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

कुएं में समरसेबल निकालने उतरे चार लोग जहरीली गैस की चपेट में, 3 की मौत

Three out of four people died due to toxic gas.

Three out of four people died due to toxic gas.

चंदौली: शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बंद कुएं में खराब समरसेबल पंप निकालने उतरे चार लोग अचानक जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से चारों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।

एक-एक कर कुएं में उतरे थे चार लोग

जानकारी के मुताबिक, किड़हिरा गांव में एक कुएं के अंदर खराब समरसेबल पंप लगा था। उसे बाहर निकालने के लिए चार लोग बारी-बारी से कुएं में उतरे।

बताया जा रहा है कि कुएं के भीतर जहरीली गैस मौजूद थी। गैस के संपर्क में आते ही चारों की हालत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर कुएं में गिर पड़े। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर बाहर मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई।

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चलाया रेस्क्यू

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने शहाबगंज थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद चारों लोगों को कुएं से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों की पहचान जमाल, तौकीर आलम और वारिस अली के रूप में हुई है। वहीं समशेर की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका

पुलिस प्रशासन के अनुसार, शुरुआती जांच में कुएं में लंबे समय से जमा जहरीली गैस के कारण दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। इसमें मीथेन या कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी गैस होने की संभावना बताई गई है।

हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Exit mobile version