Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत

Bus

चित्रकूट। जिले के कर्वी-राजापुर राजमार्ग में लोढ़वारा मोड़ के समीप निरंकारी सत्संग भवन के समीप शुक्रवार की देर शाम सड़क हादसे (Road Accident)  में बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस की मर्चरी में रखवाया है। तीनों मृतक कौशांबी जनपद के रहने वाले है। एक मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए कोतवाली पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी है।

जानकारी के मुताबिक पडोसी जनपद कौशांबी के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पलरा निवासी कल्लू त्रिपाठी का 22 वर्षीय पुत्र विनय त्रिपाठी, रामप्रकाश त्रिपाठी का 20 वर्षीय पुत्र विवेक त्रिपाठी व महेन्द्र त्रिपाठी का 23 वर्षीय पुत्र अंकित त्रिपाठी शुक्रवार की शाम चित्रकूट घूमने बाइक से आ रहे थे। तीनों एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे है।

बताते हैं कि चित्रकूट जिले के कर्वी-राजापुर मुख्य मार्ग में लोढ़वारा मोड़ के आगे निरंकारी सत्संग भवन के समीप किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे तीनों बाइक समेत सड़क किनारे जा गिरे। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन भाग निकला। तीनों युवक घायल अवस्था में वहीं पड़े रहे। काफी देर बाद राहगीरों की सूचना पर कर्वी कोतवाली प्रभारी अवधेश मिश्र पहुंचे और देखा तो तीनों दम तोड़ चुके थे।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवाया। तलाशी के दौरान विनय त्रिपाठी की जेब से आधार कार्ड मिला। जिसके जरिए पुलिस ने मृतकों के परिजनों से संपर्क किया। हादसे की जानकारी मिलने पर देर रात मृतकों के परिजन मुख्यालय कर्वी पहुंचे। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय ने बताया कि पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Exit mobile version