प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के सांसदों ने शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह के ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया। दिल्ली पुलिस ने टीएमसी सांसदों को हिरासत में लिया है। वहीं, महुआ मोइत्रा ने ईडी की रेड पर कहा है कि हमारे साथ गलत हो रहा है। हमारी सीएम किसी के सामने झुकेंगी नहीं।
केंद्रीय गृह मंत्री के ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहीं TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा, “कल पूरे भारत, बंगाल ने देखा कि गृह मंत्रालय ने ED का कैसे गलत इस्तेमाल किया। ED को हमारी पार्टी की राजनीतिक, रणनीतिक जानकारी चुराने के लिए भेजा गया था। ममता बनर्जी शेरनी हैं, उन्होंने हमारी पार्टी की प्रॉपर्टी की रक्षा की।”
TMC सांसद डेरेक ओ’ब्रायन और पार्टी के दूसरे नेताओं को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए हिरासत में ले लिया गया। TMC नेता कल कोलकाता में I-PAC ऑफिस पर ED की छापेमारी का विरोध कर रहे थे।
TMC सांसद कीर्ति आज़ाद ने कहा, “वे अलोकतांत्रिक तरीके से काम कर रहे हैं; छापा भी गैर-कानूनी था। वे लूट करते हैं और हम पर घोटालों का आरोप लगाते हैं। वे हमारी रणनीति और उम्मीदवारों की लिस्ट ले गए। BJP के अंदरूनी सर्वे से पता चलता है कि उन्हें 25 से ज़्यादा सीटें नहीं मिलेंगी। लेकिन ममता बनर्जी CM के तौर पर भारी बहुमत हासिल करेंगी और प्रधानमंत्री बनेंगी।”









