आज 14 फरवरी, 2026 को पुलवामा हमले (Pulwama Attack) के 7वीं बरसी है। साल 2019 में इसी दिन हुए आत्मघाती आतंकी हमले ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया था। जिसमें जवानों को ले जा रही 78 गाड़ियों के काफिले को निशाना बनाया था और ड्यूटी पर तैनात सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के 40 जवान शहीद हो गए थे। पीएम नरेंद्र मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को पुलवामा हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
पुलवामा हमले (Pulwama Attack) में शहीद हुए जवानों को याद करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “2019 में आज के दिन पुलवामा में अपनी जान देने वाले बहादुर हीरो को याद करते हुए। देश के लिए उनकी भक्ति, इरादा और सेवा हमेशा हमारी सोच में बसी रहेगी। हर भारतीय को उनकी हिम्मत से ताकत मिलती है।”
राहुल गांधी ने लिखा, “पुलवामा में 2019 के दुस्साहसी आतंकी हमले (Pulwama Attack) में शहीद हुए हमारे वीर जवानों को मेरी भावपूर्ण श्रद्धांजलि। भारत माता की रक्षा में उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा।”
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट पर लिखा, “पुलवामा आतंकी हमले (Pulwama Attack) में शहीद होने वाले हमारे वीर जवानों के शौर्य का स्मरण कर उन्हें नमन करता हूँ। आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है और भारत इसके समूल नाश के लिए दृढ़ संकल्पित है। आतंकवाद का सामना करने वाले हमारे सुरक्षा बलों व सुरक्षा एजेंसियों के साहस, समर्पण और बलिदान का देश सदैव ऋणी रहेगा।”
